पटना पुलिस की विशेष टीम ने अंतरजिला एटीएम लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने सरगना नेहाल निवासी फुलवारीशरीफ समेत 12 अपराधियों को 10 लाख नकद, 5 लग्जरी कार, 4 बाइक, 2 टेंपो, 4 एटीएम, 15 मोबाइल फोन, एक देसी पिस्टल, दो मैगजिन और तीन राउंड जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस ने एटीएम काटने वाला उपकरण भी बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि नेहाल यू-ट्यूब से एटीएम काटने की तरकीब सीखता था। फिर अपने गुर्गों को उसकी ट्रेनिंग देता था। सिटी एसपी मध्य अमरकेश डी, एएसपी फुलवारीशरीफ रामाकांत, फुलवारीशरीफ थानेदार कैसर आलम और स्पेशल सेल की टीम ने 5 दिनों की छापेमारी के बाद अपराधियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी मनु महाराज ने इसे बड़ी सफलता बताया। गिरोह के दो शातिर अब भी फरार हैं। गिरफ्तार अपराधियों में पटना, नालंदा, पश्चिम चंपारण के शातिर शामिल हैं।

इन घटनाओं को दिया अंजाम:नेहाल के गैंग ने पटना, वैशाली, नालंदा, आरा और बक्सर में एटीएम लूट की बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। पूछताछ में नेहाल ने बताया कि गैंग ने 8 एटीएम को लूटने का प्रयास किया था, जिसमें 5 को उखाड़ने में कामयाब रहे। इनमें नालंदा की 2, पटना की 2 और आरा की एक एटीएम थी। नेहाल 2014 से अपराध की दुनिया में है। उसके ऊपर फुलवारीशरीफ थाने में 9 मामले दर्ज हैं। मुस्तकीम उर्फ कल्लू पर हवाई अड्डा थाने में तीन व फुलवारीशरीफ में एक मामला दर्ज है। दानिश तथा असलम उर्फ मंझिला पर फुलवारीशरीफ थाने में क्रमश: 5 और 3 मामले दर्ज हैं। मून और एक अन्य अपराधी को पुलिस तलाश रही है। नेहाल का गैंग बख्तियारपुर और हाजीपुर से दो एक्सयूवी गाड़ी भी लूट चुका है।

मैट्रिक फेल नेहाल ने एटीएम तोड़ने का तरीका भी बताया :नेहाल मैट्रिक फेल है। लेकिन, दिमाग का शातिर है। उसने पुलिस को बताया कि वह जिस जिले में जाता था, वहां गूगल पर जाकर एटीएम का लोकेशन देखता था। इसके बाद यू-ट्यूब पर हाउ टू ब्रेक एटीएम लिखकर उसे तोड़ने का तरीका सीखता था। उसने एटीएम तोड़ने का तरीका भी बताया कि कैसे गैस कटर से कहां काटा जाएगा कि एटीएम सुरक्षित कट जाएगा। उसे यह भी पता था कि कितने आदमी और कैसे एटीएम को उठाकर गाड़ी में रख सकते हैं।

लूट के पैसे से खरीदी जमीन :लूट के पैसे से अपराधियों ने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। नेहाल के मुताबिक वह दो महीने से एटीएम लूट रहा था। अब तक 60 लाख रुपए लूटे हैं। एएसपी रमाकांत ने बताया कि अब तक 35 लाख रुपए का हिसाब मिला है। 5 लाख रुपए नेहाल के बैंक खाते में हैं, जिसे फ्रीज करवा दिया गया है। नेहाल लूट के पैसे से जमीन खरीदकर घर बनवा रहा है।

इन जगहों से लूटी एटीएम
-एनटीपीसी थाना इलाके से 5 जुलाई को
– मसौढ़ी थाना इलाके में 29 जुलाई को
-बिहटा थाना इलाके में 15 जुलाई को
– बख्तियारपुर इलाके में 13 जुलाई को
– नालंदा के लहेरी में 7 अगस्त को
– नालंदा के दीपनगर में 13 अगस्त को
– नालंदा के बिहार में 12 अगस्त को
– भोजपुर के बिहिया में 10 अगस्त को
– हाजीपुर थाना इलाके में 22 जून को

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *