तीज व्रती महिलाओं के साथ नहाने के लिए पानी में उतरना चार लड़कियों को महंगा पड़ गया। पानी में डूबकर चारों सहेलियों की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना शामपुर सहायक थाना क्षेत्र के निचली बहिरा गांव में मंगलवार को घटी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मृतक चारों लड़कियां आपस में सहेली होने के साथ-साथ एक दूसरे की पड़ोसी भी थीं। चारों ने इसी वर्ष मैट्रिक परीक्षा पास की थी और खड़गपुर के एनएस कॉलेज में इंटर में एक साथ नामांकन भी कराया था।

बहिरा निचला टोला गांव के अनुज सिंह की पुत्री अनुराधा सिंह अन्नु (17 वर्ष), अरिंजय सिह की पुत्री आरती कुमारी (16 वर्ष), पंकज सिंह की पुत्री रीतू कुमारी (14 वर्ष) और राजन सिंह की पुत्री प्रिया कुमारी (15 वर्ष) गांव में तीज व्रत करने वाली लगभग 40 से 50 महिलाओं के साथ चौर में जखराज बाबा स्थान के नजदीक बाढ़ के पानी में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान चारों सहेलियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

चारों को डूबते देख साथ गई महिलाएं चीखने-चिल्लाने लगी। पास नहा रहे अन्य ग्रामीणों ने महिलाओं की हड़बड़ाहट और चीख पुकार सुनकर चारों बच्चियों को गहरे पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए बरियारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने चारों लड़कियों को मृत घोषित कर दिया।

इधर जानकारी मिलने के बाद आसपास से ग्रामीणों का हुजूम मृत बच्चियों को देखने के लिए उमड़ पड़ा। गांव में हर तरफ परिजनों की चीख पुकार से माहौल गमगीन है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *