नवगछिया : नवगछिया के तेतरी कलबलिया धार के पास तेतरी दुर्गा स्थान से छोटी परवत्ता होते हुए जाह्नवी चौक जाने वाली विक्रमशिला सेतु पथ की सहायक सड़क (ब्रांच रॉड) करीब पचास फीट तक ध्वस्त होने के दूसरे दिन कलबलिया बरामद हुए अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त परवत्ता थाना क्षेत्र के जोगो सहनी के 35 वर्षीय पुत्र बजरंगी सहनी के रूप में किया गया है. शुक्रवार की सुबह बजरंगी के परिजनों ने नवगछिया थाना पहुंच कर शव की शिनाख्त की है. दूसरी तरफ नवगछिया पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है.
Total Downloads: 79
बजरंगी मछुवारा था. वह दूसरों के जाल से भाड़े पर मछली मारने का कार्य करता था. परिजनों ने बताया कि बजरंगी कटिहार गया था. कटिहार में उसकी बहन रहती थी. जिस दिन वह कटिहार गया उसी दिन बहत्तरा में उसकी पत्नी की हालत काफी खराब हो गयी. जब इसकी सूचना कटिहार में बजरंगी को मिली तो वह उसी दिन अपने घर के लिये रवाना हो गया. बजरंगी के परिजनों ने बताया कि वह मोबाइल भी नहीं रखता था.


कटिहार में रहने वाली बजरंगी की बहन ने उसके घर मे फोन करके बताया कि वह बहत्तरा के लिये निकल चुका है. सुबह जब बजरंगी घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की. फिर सूचना मिली कि कलबलिया धार के पास सड़क टूटने के बाद बह गए एक व्यक्ति की लाश मिली है. जब शुक्रवार को शव को जाकर देखा तो शव बजरंगी का ही था. मालूम हो कि बजरंगी अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था.
मछली मार कर अपना गुजारा करता था. बजरंगी अपने पीछे तीन बच्चों अमित कुमार, करण कुमार, ललिता कुमारी और पत्नी ढेलो देवी को छोड़ गया है. बजरंगी की मृत्यु के बाद उसकी मां की हालत भी काफी खराब है. बहत्तरा के स्थानीय लोगों ने बजरंगी के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.

