बरारी के सीढ़ी घाट और पुल घाट पर रविवार को गंगा में स्नान करने के दौरान दो अलग-अलग हादसे में तीन युवक डूब गये। तीनों के शव बरामद कर लिये गये हैं। तीनों की उम्र 17 साल थी।

पहला हादसा सीढ़ी घाट पर सुबह नौ बजे के करीब हुआ। यहां मधेपुरा जिले के रामनगर निवासी चंद्रशेखर कुमार के पुत्र विकास कुमार और उसके दोस्त पीरपैंती के खवासपुर निवासी पृथ्वी मंडल के पुत्र दीपक कुमार की डूबने से मौत हो गयी। वहीं पुल घाट पर दूसरे हादसे में दिन के करीब 12 बजे इशाकचक बिषहरी स्थान निवासी मनोज साह के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ राजा की मौत डूबने से हो गई।

जानकारी के अनुसार सीढ़ी घाट पर चार लोग स्नान करने पहुंचे थे। इसमें विकास कुमार व उसका दोस्त दीपक कुमार नहाने के दौरान नदी में काफी आगे चला गया और डूब गया। इनके साथ गये पूर्णिया निवासी विकास का दोस्त गोलू पहले ही स्नान कर बाहर आ चुका था। वह बैग व अन्य सामाग्री की निगरानी कर रहा था। जबकि अररिया जिले के सिमरबन्नी निवासी विकास के मामा धीरेंद्र कुमार किनारे में स्नान कर रहे थे। वे सुरक्षित हैं। धीरेंद्र ने बताया कि मैं किनारे में स्नान कर रहा था। विकास व दीपक अचानक आगे बढ़ गये। कुछ देर के बाद दोनों की गतिविधि नहीं दिखने लगे। इसके बाद कैसे क्या हुआ पता नहीं चला।

दीपक को बचाने में डूबा विकास
कुछ लोगों ने बताया कि दीपक सही तरीके से तैरना नहीं जानता था। वह डूब रहा था। उसी को बचाने के चक्कर में विकास भी डूब गया। इसके बाद घाट किनारे कई लोगों ने बचाने का प्रयास किया पर सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद एसडीआरएफ व स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन तबतक काफी विलंब हो चुका था। काफी खोजबीन के बाद दोपहर बाद दोनों का शव बरामद कर लिया गया।

गोताखोर ने अभिषेक को निकाला, मायागंज में हुई मौत
पुल घाट पर अभिषेक कुछ दोस्तों के साथ स्नान करने पहुंचा था। अचानक स्नान के क्रम में आगे बढ़ गया। नदी किनारे गाद में फंसने के कारण डूब गया। साथियों ने शोर मचाने के बजाय बाहर निकलकर उनके रिश्तेदारों को फोन किया। आधे घंटे के अंदर रिश्तेदार पहुंचे। उन्होंने घाट किनारे मौजूद गोताखोर मुकेश महलदार व रविंद्र कुमार से बचाने का अनुरोध किया। इसके बाद दोनों ने पांच मिनट के अंदर अभिषेक को खोज निकाला। इस दौरान उसकी सांसें चल रही थी। तुरंत बाइक से लेकर मायागंज स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *