दिल्ली से आने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस 19 घंटे की देरी से रविवार सुबह सात बजे भागलपुर पहुंची। मुगलसराय से गया-धनबाद- साहेबगंज के रास्ते भागलपुर पहुंचने में इसे 11 घंटे का अतिरिक्त समय लग गया। जबकि आनंद विहार स्टेशन से ही यह शुक्रवार रात 10:40 बजे आठ घंटे की देरी से खुली थी। भागलपुर पहुंचने के बाद इसे यार्ड में मेंटेनेंस के लिए भेजा गया। जहां से शाम करीब चार बजे प्लेटफार्म पर खड़ी हुई।
फिर इसे नियत समय 11:15 बजे करीब पांच घंटे की देरी से शाम 4:15 बजे डायवर्ट रूट के रास्तेदिल्ली के लिए रवाना की गई। रविवार को जनरल में भले ही भीड़ रही। लेकिन स्लीपर और एसी क्लास की सीटें काफी खाली रहीं। रविवार के चलते साहेबगंज तक जाने वाले यात्री भी ज्यादा नहीं मिले। रेल अधिकारियों ने बताया कि रविवार को आनंद विहार से भागलपुर आने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस की टाइम दो बार रि-शेड्युल की गई है।

पहले पांच घंटे की देरी से शाम पौने आठ बजे बताया गया। लेकिन दोबारा रि-शेड्युल टाइम 10 घंटे की देरी से बताकर रात साढ़े 12 बजे खोलने की जानकारी यात्रियों को दी गई। आनंद विहार से विक्रमशिला के खुलने का सही समय दोपहर 2:40 बजे है। चीफ यार्ड मैनेजर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि डाउन विक्रमशिला इस्माइलपुर तक करीब 13 घंटा की देरी से चल रही थी।


