नवगछिया : विक्रमशिला सेतु बंद रहने की स्थिति में सबसे अधिक परेशानी इजाल करने जा रहे बीमार लोगों और उनके परिजनों को हुई. पुल के मरम्मत स्थल पर बीमार लोगों को गोद में उठा कर या फिर दो तीन लोगों द्वारा टांग कर ले जाया जा रहा था. सहूटोला भवानीपुर राजेन्द्र साह गंभीर रूप से बीमार थे. वे मायागंज से इलाज करवाकर लौट रहे थे.

मरम्मत स्थल पर पहुंचने के बाद वे चल कर मरम्मत स्थल पार कर रहे थे, इसी क्रम में वे एकाएक गिर गये. गिरने के बाद उनकी पत्नी वहीं पर बैठ कर रोने लगी. जब लोगों की नजर पड़ी तो श्री साह को उठा कर मरम्मत स्थल पार करवाया गया. नवगछिया से भागलपुर इलाज कराने जा रही माया देवी का पैर टूट गया था. मरम्मत स्थल पर उन्हें तीन लोगों ने उस पार करवाया. दिव्यांग सुकेश अपनी ट्राई साइकिल से पुल पार करने के लिये पहुंचे थे.

काफी देर इंतजार करने के बाद यात्रियों ने पुलिस कर्मियों की सहायता से सुकेश को उस पार करवाया. इधर खरीक पीएचसी से रेफर काजीकोरैया गांव की प्रसूता को सर्वप्रथम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया. परिजनों की जिद पर महिला को भागलपुर रेफर किया गया. पुल मरम्मत स्थल पर ही प्रसूता को छोड़ दिया गया. इसके बाद बड़ी मुश्किल से महिला को उस पार ले जाया गया. भागलपुर की ओर परिजनों ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कर ली थी.

 

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *