सहरसा : कोसीवासियों के लिए खुशखबरी है कि सहरसा से शीघ्र ही हवाई सेवा शुरू की जाएगी। इस दिशा में पहल की जा चुकी है। कोसी प्रमंडल मुख्यालय सहरसा में हवाई पट्टी रहने के कारण यह सुविधा जिलेवासियों को पहले मिलेगी। डे बेस्ट रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड, अररिया, की यह कंपनी निजी क्षेत्र में हवाई सेवा शुरू करने जा रही है।
Total Downloads: 354
हवाई सेवा शुरू करने में पाटलिपुत्रा एयर चार्टड प्राइवेट लिमिटेड सहयोग कर रही है। पटना से सहरसा, पटना से पूर्णिया एवं पटना से मधुबनी के बीच हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी में जुटी कंपनी इन जगहों पर छोटा एयरक्राफ्ट देने जा रही है। जिसमें यात्रियों के बैठने के लिए मात्र तीन सीट ही रहेगी।

यात्रियों की बढ़ती संख्या के बाद डबल इंजन वाला सिक्स सीटेड प्लेन का उपयोग किया जाएगा। हवाई सेवा शुरू करने वाली कंपनी को पटना एयरपोर्ट सहित संबंधित नागर विमानन महानिदेशालय से सहमति मिल चुकी है। संबंधित जिला मुख्यालय के अधिकारी से पत्राचार कर उनसे नो ऑब्जेक्शन प्रमाण पत्र लेने की तैयारी में जुटी हुई है।
निजी विमान एजेंसी द्वारा इस संबंध में सहरसा, पूर्णिया एवं मधुबनी के जिला प्रशासन से प्रशासनिक स्वीकृति के लिए पत्राचार शुरू कर दिया गया है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद ही कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद शीघ्र ही हवाई सेवा शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल यह हवाई सेवा सिर्फ दिन में ही चलेगी।
कहा-निदेशक ने-कोसीवासियों को मिलेगी राहत

कोसी प्रमंडल मुख्यालय सहरसा से हवाई सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। डे बेस्ट रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक देवेश झा मूलत: मधुबनी जिले के रहने वाले हैं। वे कहते हैं कि मिथिलांचल व कोसी का इलाका बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है। जहां संसाधन की कमी है। इसीलिए बचपन से ही यह चाहत थी कि इस क्षेत्र के लोगों को हवाई सुविधा मिल सके।
एयर एम्बुलेंस के अभाव में लोगों की मौत हो जाती है। इसीलिए इस क्षेत्र में एयर एम्बुलेंस भी पटना से ही उपलब्ध कराया जाएगा। जिससे लोगों को कम खर्च में मरीज को दिल्ली, मुम्बई या अन्य जगह ले जाने में सुविधा मिल सकें। पटना से एयर एम्बुलेंस मंगाने में यह खर्च एक लाख के नीचे ही आएगा।
सहरसा से पटना के बीच शीघ्र ही हवाई सेवा शुरू कर दी जाएगी। प्रशासनिक औपचारिकता पूरी होने के बाद यह सेवा शुरू होगी। सहरसा से पटना तक यात्रा करने में प्रति यात्री 3500 रुपये किराया लगेगा।
-देवेश झा, निदेशक, डे बेस्ट प्राइवेट लिमिटेड

