नवगछिया नगर पंचायत के सफाई निरीक्षक भुट्टो के साथ टाइगर मोबाइल के जवानों ने मंगलवार को मारपीट कर दी। इससे नाराज सफाई कर्मियों ने नवगछिया बाजार के वैशाली चौक को जाम कर दिया। चौक पर टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर नवगछिया थानाध्यक्ष लाल बहादुर, नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद टीएन यादव और विरोध कर रहे सफाई कर्मियों को समझाकर मामला शांत कराया। नवगछिया एसपी निधि रानी ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित तीनों जवानों को निलंबित कर दिया है।
Total Downloads: 354
सफाई कर्मियों ने कहा कि सफाई निरीक्षक भूट्टो के नेतृत्व में महात्मा गांधी की जयंती को लेकर हम लोग सुबह से ही नगर पंचायत में साफ-सफाई कर रहे थे। सफाई निरीक्षक की बाइक वहीं खड़ी थी। इसी बीच टाइगर मोबाइल का जवान आया और कहा कि यह किसकी बाइक है। सफाई निरीक्षक ने अपना परिचय दिया और कहा कि मेरी बाइक है। इस पर जवान अचानक गाली-गलौज करने लगा। सफाई निरीक्षक ने विरोध किया तो जवान ने उसकी पिटाई कर दी।


जवानों ने अनुशासनहीनता का परिचय दिया
एसपी निधि रानी ने बताया कि जवानों ने सफाई निरीक्षक के साथ मारपीट कर अनुशासन हीनता का परिचय दिया है। यदि बीच सड़क पर मोटरसाइकिल लगी हुई थी तो बाइक को जब्त कर थाने ले लाते। थाने में जुर्माना का रसीद कटवाते। मारपीट करने की क्या जरूरत थी। टाइगर मोबाइल के तीनों जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है।

