भागलपुर जिले में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की छह बाइक और पांच विभिन्न कंपनियों के मोबाइल बरामद हुए हैं। एसएसपी आशीष भारती ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर गिरोह के सदस्यों का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि चोरी की बाइक झारखंड के साहेबगंज सहित अन्य जगहों पर खपाया जाता है। हाल में बाइक चोरी के मामले में इनमें से कई लोग शामिल हो सकते हैं। इनका हुलिया सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि बाइक चोरी की घटना पर रोक लगाने के लिए सिटी डीएसपी राजवंश सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। गुरुवार को छापेमारी के दौरान भीखनपुर गुमटी नंबर दो के पास गोड्डा जिले के पथरगामा निवासी अनुज कुमार चौधरी को बिना नंबर के चोरी के बुलेट के साथ गिरफ्तार किया गया।

पहचान छिपाने के लिए बुलेट के इंजन व चेचिस नंबर के साथ छेड़छाड़ किया गया है। इसकी निशानदेही पर ईशाकचक कबाड़ी टोला स्थित रहमत गैरेज के मालिक मो. टिंकू के घर से चोरी की स्पलेंडर बाइक बरामद की गयी। इसके अलावा अन्य जगहों पर छापेमारी के दौरान काले रंग की स्टार सिटी (डीएल 03 एससीटी 8280), काले रंग की होंडा ट्यूटर (बीआर 10 एल 6961), टीवीएस जीएलएक्स (बी10 डी3557), टीवीएस अपाची बिना नंबर की बाइक बरामद की गयी है।

एसएसपी ने बताया गिरफ्तार पांचों लोगों का आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ झारखंड के साहेबगंज, लोदीपुर थाना क्षेत्र में ट्रक, ट्रैक्टर लूट एवं पीरपैंती थाना क्षेत्र में बाइक लूट का भी मामला दर्ज है। इसके अलावा ईशीपुर बाराहाट, आदमपुर, मोजाहिदपुर, बबरगंज, ईशाकचक थाना क्षेत्र में लूट, चोरी, धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि इनसे पूछताछ के बाद बाइक चोरी के और मामलों का खुलासा हो सकता है। इनके पास से बरामद मोबाइल के सीडीआर से इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान हो पायेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *