नवगछिया : रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के मुरली गांव में जलकर विवाद में मुरली गांव के पूरब टोला निवासी डीलर तारणी प्रसाद सिंह 60 की गोली मार कर हत्या कर दी है. श्री सिंह को एक ही गोली छाती के दायी ओर मारी गयी है. गोली लगते ही घटना स्थल पर उनकी मौत हो जाने की बात कही जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही रंगरा सहायक थाने के थानाध्यक्ष अनि जवाहर प्रसाद सिंह ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. जानकारी मिली है कि देर रात पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी करने के लिए छापेमारी कर रही थी. श्री सिंह के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को अलसुबह किया जायेगा. जानकारी के अनुसार इन दिनों डीलर जलकर विवाद में हुई गोली बारी के मामले में फरार चल रहे थे. पुलिसकी गिरफ्तारी के भय से वे अपने घर पर नहीं सोते थे.

इसलिए वे घर में खाना खाने के बाद किसी अज्ञात स्थल पर खाना खाने जा रहे थे. इसी क्रम में पूर्व मुखिया सुबोध साह के घर के समीप बांस के बिट्टा में पहले से ही घात लगाये छुपे अपराधियों ने डीलर को गोली मार दी. गोली की आवाज सुन कर जब वहां पर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां पर डीलर मृत अवस्था में गिरे हुए थे. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार डीलर का उसके गांव के ही देवेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ देवना के साथ जलकर विवाद चल रहा था. तीन माह पहले भी दोनों पक्षों के बीचगोली बारी की घटना हुई थी.

उसी मामले में दोनों पक्षों से थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. जिसमें डीलर तारणिप्रसाद वांछित भी चल रहे थे. इस मामले में डीलर के पुत्र ई पवन सिंह, छोटू कुमार, पप्पू कुमार सिंह और डीलर की पत्नी जिच्छो देवी को नामजद भी किया गया था. जिच्छो देवी का नाम पुलिस अनुसंधान में निकाल दिया था. हाल ही में इसी मामले में एक आरोपी पप्पू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया था.

जबकि दूसरे पक्ष से कुछ लोग फरार चल रहे हैं. परिजनों का कहना है कि नियमत: जलकर डीलर के ही खतियानी जमीन पर है. कुछ वर्ष पहले पर मुरली गांव स्थित उक्त जलकर पर देवना सिंह का कब्जा था. लेकिन इस वर्ष नियमत: जलकर डीलर के ही कब्जे में था. डीलर के परिजनों का कहना है कि देवन सिंह और उसके परिजनों ने मिल कर हत्या की है. हालांकि देर रात पुलिस परिजनों का बयान लेने का प्रयास कर रही थी.

परिजनों का रो रो कर बुरा हाल

डीलर की हत्या के बाद नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था. डीलर की पत्नी जिच्छो देवी बार बार बेहोश हो जा रही थी तो अन्य परिजनों की भी हालत खराब थी. फरारी रहने के कारण डीलर के कुछ परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन पुलिस की आवाजाही देख कर फरार हो गये.

कहती है नवगछिया एसपी

नवगछिया की एसपी निधि रानी ने कहा कि पूर्व की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है. दोनों पक्षों के बीच पिछले दिनों भी विवाद हुआ था, जिस मामले में डीलर फरार भी चल रहे थे
पुलिस ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए देर रात सघन छापेमारी की है. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *