भागलपुर: जबलपुर स्थित सेंट्रल आर्डिनेंस डिपो से चोरी हुए एके-47 के मुंगेर आने के बाद उसे खपाने में एक महिला कांस्टेबल की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। उसकी तैनाती भागलपुर में रही है। एके-47 की तलाश में पुलिस की एक टीम मुंगेर के हाजी सुजान स्थित उसके घर पर छापेमारी की है।
Total Downloads: 354
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को दबिश में कई चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी है। फिलहाल पुलिस इस संबंध में कोई जानकारी देने से बच रही है। उक्त महिला कांस्टेबल के पति की पैठ जरायम दुनिया में गहरी रही है। पुलिस टीम के हाथ जो सुराग लगे हैं उस आधार पर पुलिस टीम की तफ्तीश इस दिशा में तेजी से बढ़ा दी है। भागलपुर में तैनाती काल में उक्त महिला पुलिस को एसएसपी ने पूर्व में निलंबित कर दिया था। निलंबन भी हथियार तस्करी को लेकर किया गया था। तब उस आरोप में उसे जेल भी जाना पड़ा था।

निलंबन काल भी लंबा चला था। कुछ समय पूर्व उक्त महिला सिपाही ने भागलपुर में तैनात एक तेजतर्रार महिला अवर निरीक्षक को मरवा डालने तक की धमकी दे दी थी। दरअसल महिला अवर निरीक्षक ने उसके कर्तव्य निर्वहन में कोताही से नाराज थी। उसे चेतावनी दी थी। जिससे उसने अपने एक नजदीकी के जरिए उक्त महिला अवर निरीक्षक को यह धमकी दी थी कि थाना परिसर से बाहर निकलो, मरवा डालेंगे। प्रभावशाली लोगों और महकमे के वरीय अधिकारियों से वास्ता रखने वाली उक्त महिला कांस्टेबल की धमकी से भयभीत महिला अवर निरीक्षक ने खुद को मजबूरी में दायरे में कैद कर लिया। धमकी से भयभीत हो गई महिला अवर निरीक्षक ने उक्त महिला कांस्टेबल से खुद की जान का खतरा बता उसके विरुद्ध थाने में सनहा दर्ज करा दिया।

हनक ऐसी कि उसे देख रास्ता बदल लेते पुलिसकर्मी
एके-47 की तस्करी को लेकर संदेह के घेरे में आई महिला कांस्टेबल की हनक ऐसी कि पुलिस केंद्र में उसके रास्ते कोई नहीं आना चाहता। उसे देख कई पुलिसकर्मी भय से रास्ता बदल लेते हैं। क्या पता वह किसे निलंबित करा दे। अधिकांश पुलिसकर्मी उसके कोप से बचना चाहते।

