भागलपुर। सृजन घोटाले के आरोपी स्वर्गीय मनोरमा देवी के न्यू विक्रमशिला स्थित घर का ताला तोड़कर बीती रात चोरी हो गई है। चोरों ने तीन मंजिले मकान के सभी कमरे का ताला तोड़कर सामानों को तितर-बितर कर दिया है। संभावना है कि घर में रखे कीमती सामानों के अलावा जरूरी कागजातों की चोरी कर ली गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है।
तिलका मांझी थाना प्रभारी संजय सत्यार्थी ने कहा कि चोरी का आकलन अभी नहीं किया जा सकता है। घर के लोग कोई सामने नहीं आए हैं। इसके पहले भी 17 सितंबर, 2018 को मनोरमा देवी के घर में चोरी हुई थी। उस वक्त ग्राउंड फ्लोर के कमरे का ताला तोड़ा गया था।

इस मामले में तिलकामांझी थाने के दरोगा मो. आफताब के बयान पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की रात सुरक्षा में लगे जवानों को मेला ड्यूटी में लगा दिया गया था। सुबह जवान जब लौटे तो घर का ताला टूटा मिला।


