भागलपुर: विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के प्रवक्ता रवीश कुमार के हाउसिंग बोर्ड स्थित घर में चोरी की घटना को अंजाम देने मामले में पुलिस चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मगर उसने अब तक इस मामले में किसी के बारे में जानकारी नहीं दी है। एसएसपी आशीष भारती के निर्देश पर फोरेंसिक टीम के फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट रवीश कुमार के घर पहुंचे। उन लोगों ने करीब दो घंटे तक घर के अलग अलग हिस्सों से चोरों के फिंगर प्रिंट के निशान और नमूने एकत्र किए हैं। घटना में कई चोरों के शामिल होने की बात पुलिस कह रही है।

कई चोरों के मिले पैर के निशान

रवीश कुमार के घर को कई चोरों मिलकर खंगाला है। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से कई चोरों के पैरों के निशान मिले हैं। कई कमरों के अलमीरा, ताला और गेट पर चोरों के उंगली के निशान पाए गए हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने सभी नमूने जब्त कर लिए हैं। घटना की जानकारी पाकर रवीश के पिता रघुनायक भगत और भाई आशीष कुमार गुरुवार को भागलपुर पहुंचे। रवीश के पिता ने बताया कि चोरों ने उनके घर से पांच नए सूट, सात शर्ट, शॉल, टीवी, जेवर, नकदी समेत अन्य सामान ले गए हैं। वे अभी चोरों द्वारा ले गए सामानों का मिलान कर रहे हैं।

हाल ही में कितने शातिर निकले जेल से पुलिस खंगाल रही रिकार्ड

पुलिस ने हाल ही में जमानत पर बाहर निकले शातिरों का रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। ताकि उन लोगों से भी कुछ जानकारी मिल सके। गौरतलब है कि वरीय अधिकारियों द्वारा बार बार इस बात का निर्देश दिया जाता है कि इलाके में जेल से जमानत पर बाहर निकलने वाले अपराधियों या शातिरों का आंकड़ा वे अपडेट रखें। मगर वे लोग आदेश को दरकिनार कर अपना काम करते हैं। ऐसे में वे लोग जेल से बाहर आते ही घटना को अंजाम देना शुरू कर देते हैं और पुलिस को पता भी नहीं चलता।

सीटीवी कैमरा नहीं रहने से हो रही परेशानी

पुलिस के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड के जिस इलाके में चोरी की घटना हुई है। उसके आसपास कहीं भी सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है। वहीं उस तरफ से आने जाने वाले कई रास्ते हैं। इस कारण पुलिस को चोर गिरोह को पकडऩे में परेशानी हो रही है। वहीं मामला हाइप्रोफाइल होने के कारण बरारी पुलिस के हाथ पैर फूले हुए हैं। पुलिस कई पुराने शातिरों पर भी नजर बनाकर रख रही है। ताकि घटना को अंजाम देने वाले के बारे में कुछ जानकारी मिल पाए। वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो घटना में शामिल कुछ चोर जिले से बाहर भाग निकले हैं।

एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि घटना स्थल का फोरेंसिक टीम द्वारा फिंगर प्रिंट का नमूना लिया गया है। कई चोरों के पैरों के निशान भी वहां से पाए गए हैं। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *