सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले बाइकर्स गैंग के ग्रुप एडमिन एक नाबालिग को कंकड़बाग थाना क्षेत्र से मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कुछ दिन पहले इस नाबालिग ने फेसबुक पर बाइकर्स गैंग में भर्ती होने के लिए वैकेंसी निकाली थी। इसने जॉब ऑफर किया था। इस गैंग का नाम रोपंक राइड्स ऑफ पटना नाइट किंग है।
रोपंक राइड्स ऑफ पटना नाइट किंग का जो ग्रुप एडमिन रूपेश कुमार (बदला नाम) है। पुलिस को जांच के दौरान उसके अकाउंट से कई आपत्तिजनक तस्वीरें और कंटेंट मिले। इस तरह के विज्ञापन से पुलिस में हड़कंप मचा था। इसने ग्रुप में शामिल होने के लिए जो अर्हता रखी थी। इसके तहत हत्या, लूट की घटना को अंजाम देना, मारपीट करना, रंगदारी कर पैसा वसूलने वाले युवकों के संपर्क करने की बात की गई थी। इस पोस्ट को कई युवाओं ने लाइक भी किया गया था। इसके बाद स्पेशल टीम गठित कर गैंग के ग्रुप एडमिन को गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि बाइकर्स गैंग में शामिल सभी लड़के बड़े शातिर हैं। सभी टेक्निकल रूप से बहुत दक्ष हैं। सोशल मीडिया पर कैसे चीजों को वायरल करना है। सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के गैंग को पूरी तरह से समाप्त किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है अपने बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखें। खासकर बाइकर्स गैंग से दूरी बनाने की बात कही।

बाइकर्स गैंग बना सिरदर्द
पटना में बाइकर्स गैंग पुलिस के लिए सिर दर्द बनता जा रहा है। यह गैंग कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कुछ बाइकर्स गैंग के लोग पकड़े भी जा चुके हैं। इसके बाद भी अब पटना के हर इलाके में एक बाइकर्स गैंग तैयार हो गया है। यह गैंग आम लोगों को अलग-अलग तरीके से प्रताड़ित कर रहा है। हत्या, लूट, मारपीट व रैली आदि में ये पैसे लेकर घटना को अंजाम देते हैं।


