नवगछिया पुलिस जिला को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस जेल से बाहर आए अपराधियों का बेल रद कराएगी। ताकि अपराधियों को फिर से सलाखों के पीछे भेजा जा सके। उक्त बातें नवगछिया एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने शुक्रवार को कहीं।
एसडीपीओ ने कहा कि जेल से बाहर आकर फिर से अपराध की गतिविधियों में शामिल अपराधियों को चिह्नित कर उसका बेल रद कराने की तैयारी एसपी निधि रानी के निर्देश पर की जा रही है। नवगछिया अनुमंडल के खरीक समेत विभिन्न थाना क्षेत्र के कुल 56 अपराधियों को चिह्नित कर सूची तैयार की जा चुकी है। संबंधित थानों को सूची उपलब्ध कराकर ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है।


कुख्यात शबनम, कमांडो, सिंटु और पप्पू यादव भी सूची में
इनमें नारायणपुर निवासी कुख्यात शबनम यादव, बमबम यादव, अनिल यादव, रंगरा निवासी वरूण मंडल, अरविंद यादव, पिन्टु मंडल, अकला मंडल, सुमन यादव, नवगछिया निवासी राहुल राय, हरियो निवासी अजय पासवान, पल्टू सिंह, पकड़ा निवासी कमांडो राय, ढोडिया निवासी सिन्टु यादव, नया टोला भवनपुरा निवासी पप्पू यादव, सतियारा भ्रमरपुर निवासी मुन्ना मंडल सहित अन्य अपराधी शामिल हैं। ये अपराधी बेल पर जेल से बाहर आकर फिर गुंडाराज चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन अपराधियों का बेल रद कराने के साथ-साथ इनको पनाह देने वाले आकाओं को भी चिह्नित कर उन पर मुकदमा चलाने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए एक विशेष अभियान चलाकर पुलिस नवगछिया को अपराध मुक्त जिला बनाएगी।


