पटना: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार की पूर्व मंत्री मंजू वर्मा की गिरफ्तारी नहीं होने पर बिहार सरकार को फटकार लगाई है. इस बाबत कोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है. कोर्ट ने पूछा कि मंजू वर्मा की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज हो गई उसके बाद भी अबतक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई.
Total Downloads: 72
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से सवाल पूछा कि आखिर मंजू वर्मा का क्या प्रभाव है कि उनकी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है. बता दें कि मंजू वर्मा और उनके पति आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी हैं. सोमवार को उनके पति ने बेगूसराय के मंझौल न्यायालय में सरेंडर किया था.

मुजफ्फरपुर कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर से पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के पति चन्द्रशेखर वर्मा के कथित बातचीत के मामले को लेकर सीबीआई की टीम ने श्री वर्मा के पटना समेत उनके पैतृक आवास अर्जुन टोला में पिछले 17 अगस्त को छापेमारी की थी. इस दौरान ब्यूरो की टीम ने 40 जिंदा कारतूस बरामद किया था.
बता दें कि बीते दिनों ब्रजेश ठाकुर द्वारा संचालित मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में 34 नाबालिक लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया था. इसी मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर और मंजू वर्मा के पति चंद्रशेखर वर्मा के बीच बातचीत होती थी. इन आरोपों के बीच नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री मंजू वर्मा ने 8 अगस्त को समाज कल्याण मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था.

