नवगछिया : इन दिनों नवगछिया नगर पंचायत के लोग मच्छरों से काफी परेशान हैं. डेंगू, मलेरिया के रोगी एक के बाद एक सामने आ रहे हैं तो दूसरी तरफ शहर की साफ सफाई व्यवस्था पूरी तरह से लापरवाह है. नवगछिया राष्ट्रीय राजमार्ग से नया टोला होते हुए नवगछिया स्टेशन आने वाली सड़क पर नालियों से कचरे को निकाल कर सड़क पर ही छोड़ दिया गया है.
Total Downloads: 116
मच्छरों से लोग परेशान, दूसरी तरफ सड़कों पर छोड़ दिया गया कचरा
– हाल नवगछिया स्टैंड से स्टेशन जाने वाली सड़क का
– लोग पड़ रहे हैं बीमार, नगर प्रशासन बेफिक्र
सड़क पर चलने वाले लोगों का इससे बुरा हाल तो है ही दूसरी तरफ आस पास के लोग भी कचरे के सरांध की बदबू से लोगों का जीना मुहाल है. गंदगी की वजह से लोग तरह तरह की बीमारियों से भी जूझ रहे हैं. नवगछिया के नया टोला निवासी सुजीत कुमार को डेंगु हो जाने के बाद उनके परिजनों ने ससमय इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया है. हालांकि उनकी हालत अब सामान्य बतायी जा रही है.

इधर नवगछिया नगर निवासी जदयू नेता कुणाल कुमार गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से नवगछिया शहर में मच्छरों को भगाने के लिए फागिंग मशीन भी नहीं चलाया गया है. कुणाल ने नगर पंचायत प्रशासन से फागिंग मशीन चलाने और साफ सफाई की मुकम्मल व्यवस्था करने की मांग की है.

कहते हैं कार्यपालक पदाधिकारी
नवगछिया नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सत्येंद्र वर्मा ने कहा कि नया टोला के पास वाला कचरा जल्द जल्द हटवाया जायेगा. जल्द ही फागिंग मशीन भी शहर के विभिन्न मुहल्लों में चलवाया जायेगा.

