भोलसर पंचायत के त्रिमुहान गांव में सोमवार को आठ फीट लंबा अजगर सांप मिला, जिसे ग्रामीणों ने वन विभाग को सौंप दिया। वन विभाग के कर्मचारियों ने सांप को प्रखंड की सलेमपुर सैनी पंचायत के भदेर पहाड़ी के जंगलों में छोड़ दिया।
Total Downloads: 116
भोलसर पंचायत की मुखिया नासरीन परवीन और पूर्व पंसस गुड्डू कुमार सिंह ने बताया कि त्रिमुहान गांव के निकट गंगा किनारे बांस के बिट्टा में एक व्यक्ति को सांप मिला, जिसे पकड़कर वह बोरे में बंद कर बाइक से कहीं ले जा रहा था। भोलसर दुर्गा स्थान के निकट खड़े गुड्डू समेत युवा जन जागृति क्लब भोलसर के सदस्यों ने यह सोचकर बाइकर्स को रोका कि बोरा में बुआरी मछली ले जा रहा है, जिसे वे लोग खरीदना चाह रहे थे। लेकिन बाइक सवार आनाकानी करने लगा तो ग्रामीणों को संदेह हुआ और जबरन उसका बोरा छीन लिया और खोलने लगे तो बाइक सवार ने बताया कि इसमें अजगर सांप है।

सांप को देखने के लिये बोरे से निकाला तो सांप रेंगने लगा। सांप देखने ग्रामीणों और कन्या मवि भोलसर के छात्रों की भीड़ लग गई। फिर इसे ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद बोरे में डालकर अंचलाधिकारी मोइनुद्दीन को सूचना दी। सीओ ने वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग के कर्मचारी नारद मंडल ने अजगर को कब्जे में लेकर भदेर पहाड़ी के जंगलों में छोड़ दिया।
मालूम हो कि इस क्षेत्र में पूर्व में भी कई अजगर सांप मिले थे। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, पूर्व में शहर के काजीपुरा श्मशान घाट के निकट, शहर के शारदा पाठशाला स्कूल परिसर में, गंगलदेई पहाड़ी पर और संगीतबैता गांव में अजगर सांप और इसका बच्चा मिला था जिसे वन विभाग को सौंप दिया गया था।

