भागलपुर : तातारपुर इलाके के एमपी द्विवेदी रोड में दवा व्यवसायी मुरारी झुनझुनवाला को सोमवार की रात गोली मारने मामले में मंदरोजा के जगरनाथ सूढ़ी लेन निवासी कुख्यात अमित कुमार साह उर्फ पप्पू साह उर्फ पप्पू सोनार का नाम आते ही पुलिस ने उसकी धरकपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस की दबिश के कारण पप्पू रात में घर से भाग गया। लेकिन मंगलवार की दोपहर वह कोतवाली थाने में खुद को निर्दोष बताते हुए सरेंडर करने के लिए पहुंचा। तभी इंस्पेक्टर राम एकबाल यादव ने पप्पू सोनार को गिरफ्तार कर लिया।
Total Downloads: 116
वहीं तातारपुर में मुरारी झुनझुनवाला से बयान के लिए तातारपुर के दारोगा आरएन सिंह को पटना भेजा गया है। इंस्पेक्टर अमरनाथ प्रसाद ने बताया सीसीटीवी से भी कुछ विशेष सुराग नहीं लगा है। इशाकचक के बरहपुरा में सन्नी खटाल के डेयरी फार्म पर अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए 11 नवंबर की रात करीब 12.30 बजे गोलीबारी की थी।

इस गोलीबारी के बाद सन्नी खटाल के भाई सिकंदर अली ने इशाकचक थाने में पप्पू सोनार समेत, मुंदीचक के कुख्यात रोहित साह, एसकेपी स्कूल के पास के हर्ष सिंह उर्फ बब्बन सिंह, सबौर के मनसरपुर निवासी सोनू राम, तबहलपुर निवासी मु. शाहरूख खान समेत दो अज्ञात पर गोलीबारी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एससएपी आशीष भारती ने कहा कि पप्पू सोनार को इशाकचक में गोलीबारी मामले में गिरफ्तार किया गया है। दवा व्यवसायी पर गोलीबारी मामले में पुलिस उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। वहीं इस मामले में पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

