नवगछिया : लोकसभा चुनाव को लेकर नवगछिया अनुमंडल कार्यालय सभागार में मंगलवार को एसडीओ मुकेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रधानाध्यापक व मध्याह्न भोजन के साधनसेवी शामिल हुए। बैठक में चुनाव तैयारी की समीक्षा के दौरान मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्रधानाध्यापकों से ली गई।
Total Downloads: 182
इसमें पता चला कि कुछ मतदान केंद्रों पर अभी तक बिजली की व्यवस्था नहीं कराई गई है। इस संबंध में एसडीओ ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि तीन दिनों के अंदर अगर सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध अनुशासनिक और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। बीईओ को निर्देश दिया गया है कि वैसे मतदान केंद्र जो विद्यालय में नहीं है। उन मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधा की व्यवस्था बीडीओ द्वारा किया जाएगा।

प्रखंड साधन सेवी मध्याह्न भोजन को निर्देश दिया गया कि सभी रसोइया की बैठक कर निर्देशित करेंगे कि मतदान की तिथि को मतदान केंद्रों पर वोटरों को पानी पिलाने के लिए उपलब्ध रहेंगे। मतदान दल के लिए भुगतान के आधार पर खाना का व्यवस्था रसोईया द्वारा किया जाएगा। एसडीओ ने कहा कि सभी प्रधानाध्यापक एक ऐसे व्यक्ति को चिन्हित करेंगे जिसके पास स्कूल की चाबी उपलब्ध रहेगी और मतदान दल के पहुंचते ही वे रूम खोलेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर उन नाम व भवन का नाम दो दिन के अंदर लिखने का निर्देश सभी प्रधानाध्यापक को दिया गया है। एसडीओ ने कहा कि जिस प्रधानाध्यापक द्वारा अभी तक मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है उनसे स्पष्टीकरण भी पूछा गया है।

