नवगछिया : शनिवार की देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद रंगरा काली स्थान हाट तालाब बन गया। इससे रंगरा के पुवारी टोला आने-जाने में लोगों को घोर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के चलते हाट में साग-सब्जी व अन्य सामग्रियों की बिक्री के लिए दुकानदारों व व्यापारियों को अपन-अपनी दुकानें बंद करनी पड़ी।
Total Downloads: 385
इसके चलते रोजमर्रा के सामान की खरीदारी करने आए लोगों निराश होकर लौटना पड़ा। बताते चलें कि इस हाट में बड़े पैमाने पर आस-पास के गांव डुमरिया, कालूचक, तीन टंगा दियारा, रंगरा, बंधुआ, चापर, तिरासी के सब्जी किसान अपना उत्पाद बेचने आते हैं और इतने ही गांवों के लोग सब्जी व अन्य सामग्रियों की खरीदारी करते हैं।

पर जलजमाव से किसानों के उत्पाद की बिक्री नहीं होने से जहां उन्हें नुकसान उठाना पड़ा रहा है, वही हाट नहीं लगने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। डुमरिया के किसान राजकुमार मंडल, कपिल देव मंडल, हुलो मंडल, पिंकू मंडल, रंगरा के सब्जी व्यापारी चमरू मंडल आदि लोगों ने बताया कि इस हाट में उन्हें अच्छा मुनाफा मिल जाता है। हाट नहीं लगने से उत्पाद को सस्ते दामों में बेचना पड़ रहा है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से जलजमाव स्थल पर मिट्टी भरवाने की मांग की है।

