नवगछिया : ईद को लेकर अनुमंडल के सभी सातों प्रखंड में एसडीओ मुकेश कुमार ने 80 स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की है। नवगछिया थाना क्षेत्र में 12, बिहपुर थाना क्षेत्र में 11, खरीक में 12, इस्माइलपुर व नदी थाना क्षेत्र में तीन तीन जगहों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस तैनात रहेगी। वहीं परबत्तामें 4, झंडापुर में 7, भवानीपुर व गोपालपुर में 9-9, रंगरा में 8 कदवा थाना क्षेत्र में तीन स्थानों पर पुलिस बलों के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
एसडीओ ने कहा कि ईद का त्यौहार शांतिपूर्ण संपन्न हो इसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कहीं भी किसी प्रकार की समस्या हो या विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ ने लोगों से शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की है।
अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई करेगी पुलिस : टॉउन थाना में सोमवार को ईद को लेकर शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष लालबहादुर की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में शहर व गांव के लोगों के अलावा जनप्रतिनिधि भी शामिल थे। बैठक में ईद त्योहार आपसी भाईचारा के साथ मनाने का संकल्प लिया गया। शांति समिति के सदस्यों ने कहा कि शहर में त्योहार के दिन बाइक चालक तेजी से वाहन चलाते हैं। जिससे लोगों को कठिनाई होती है। इस पर पुलिस प्रशासन को निगरानी करने की जरूरत है।

नवगछिया जामा मस्जिद में ईद की नवाज के समय सड़क पर भीड़ रहती है। इसको देखते हुए सड़क पर बेरिकेटिंग लगाने की जरूरत है। थानाध्यक्ष लालबहादुर ने कहा कि ईद के दौरान थाना क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। जहां भी ईद की नवाज होती हैं वहां पुलिस के साथ दंडाधिकारी भी रहेंगे। वाहन चालकों पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी।
थानाध्यक्ष ने अफवाह फैलाने वालों या किसी प्रकार की घटना दुर्घटना की स्थिति में अफवाह पर ध्यान नहीं देने व पुलिस को सूचित करने की अपील की।


