तातारपुर थाना क्षेत्र के लालकोठी में बुधवार सुबह टीएनबी कॉलेज में पढ़ रही इंटर की छात्रा रिमझिम कुमारी (16) का कमरे में रहस्यमय स्थिति में शव मिला। गले में दुपट्टा के सहारे पंखा से शव लटक रहा था। कपड़ा भी अस्त-व्यस्त था। छात्रा खगड़िया जिले के परबत्ता थाना के गोलछारी गांव की रहने वाली थी। पिता विकास कुमार चौरसिया ने मकान मालिक, उसकी पत्नी और बेटे पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

तातारपुर थाना के पीछे लालकोठी के रामपुनित राय के मकान में छात्रा दो महीने से रूम पार्टनर सपना कुमारी के साथ रह रही थी। सपना ने बताया कि रिमझिम सोमवार शाम से गायब थी और मंगलवार सुबह में लौटी थी। मंगलवार रात में तबीयत खराब होने पर सपना दूसरी सहेली के पास चली गई थी और रिमझिम कमरे में अकेली थी। बुधवार सुबह रेखा देवी ने बेटी रिमझिम के मोबाइल पर फोन किया तो रिंग हो रहा था, लेकिन वह रिसीव नहीं कर रही थी। उन्होंने परबत्ती में रह रहे रिश्तेदार अनुज को फोन से बातकर रिमझिम के कमरे में जाने को कहा। सुबह नौ बजे अनुज कमरे पर आया तो पता चला कि रिमझिम ने खुदकुशी कर ली है। मकान मालिक ने कहा कि रूम पार्टनर के कहने पर कुछ लड़कों ने दरवाजा तोड़ दिया है।

सूचना पर तातारपुर इंस्पेक्टर सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिवारवालों को घटना की जानकारी दी। दोपहर एक बजे पिता परिवारवालों के साथ लालकोठी पहुंचे।पहले रूम पार्टनर से घटना के बारे में जानकारी ली। मकान मालिक राम पुनित राय से बात की। पूछा- जब बेटी सोमवार को कमरे में नहीं थी तो जानकारी क्यों नहीं दी। मौत के बाद भी जानकारी नहीं दी गई। इसपर मकान मालिक कोई जवाब नहीं दे सके। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की गला दबाकर हत्या कर घटना को खुदकुशी का रूप दे दिया गया है। कमरे में चौकी से नीचे पैर लटक रहा था। खुदकुशी का कोई सबूत नहीं मिल रहा है।

छात्रा के परिजनों की ओर से थाना में दिए लिखित आवेदन में मकान मालिक, उसकी पत्नी व बेटा प्रिंस पर हत्या करने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर ने कमरे से दो मोबाइल और एक कॉपी जब्त की है। इंस्पेक्टर ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *