खरीक थाना क्षेत्र के अंभो निवासी राजकुमार सिंह की पत्नी पुष्पा देवी ने थानाध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद कश्यप पर जबरन घर की तलाशी लेने, गाली गलौज करने व राइफल के बट से मारने का आरोप लगाते हुए नवगछिया व्यवहार न्यायालय में मुकदमा दायर किया है।
महिला ने दायर किए गए नालसी वाद में बताया है कि 24 जुलाई की रात 1:00 बजे वह घर में सोई हुई थी। उसी समय खरीक थानाध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद कश्यप पुलिस बलों के साथ पहुंचे और जबरन घर में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने पूछा कि तुम्हारा जेठ भविक्षणन सिंह व देवर मोहित कुमार कहां हैं। दोनों बाइक चोर है। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन उन्हें बाइक नहीं मिली।


बेवजह घर की तलाशी लेने का विरोध किया तो थानाध्यक्ष ने राइफल के बट से मारकर मुझे घायल कर दिया। मैंने अपना इलाज मायागंज अस्पताल में कराया है।

वहीं खरीक थानाध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद कश्यप ने कहा कि पुलिस उस दिन बाइकचोर गिरोह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने गई थी। इस दौरान वहां पर कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था। जिसमें 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। उन्होंने कहा कि महिला के सभी आरोप निराधार हैं।आरोपियों को बचाने के लिए महिला झूठे आरोप लगा रही है।

