नारायणपुर : जमीन विवाद से तंग आकर पिछले दिनों सपरिवार आत्मदाह करने की धमकी देने वाले नारायणपुर, बलाहा के किसान दिवाकर सिंह ने मंगलवार को अंचल कार्यालय में सीओ के सामने जहर खा लिया। उसे आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है।
Total Downloads: 107
मामले की सुनवाई के लिए बुलाया गया था अंचल कार्यालय
दिवाकर का अपने भाई शैलेंद्र सिंह के साथ पिछले 18 सालों से तीन बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार को सीओ रामजपी पासवान ने मामले की सुनवाई के लिए दोनों को अंचल कार्यालय बुलाया था। दोनों पक्षों को सुनने के बाद सीओ ने उन्हें वरीय अधिकारी के पास अपील करने को कहा। इतना सुनते ही दिवाकर फिर हताश हो गया और उसने सीओ के सामने ही जहर निगल लिया।


उसकी हालत बिगड़ते देख वहां अफरा-तफरी मच गई। दिवाकर को अस्पताल पहुंचाने के बजाय सीओ वहां से खिसक गए। अंचल कर्मियों ने दिवाकर को पीएससी नारायणपुर पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। भवानीपुर ओपी पुलिस ने किसान का बयान दर्ज किया है।
सीओ ने कहा कि मैंने दोनों पक्षों को वरीय अधिकारी के पास अपील करने कहा था। दोनों मेरे पास अंचल नहीं पहुंचे थे। मेरे सामने दिवाकर ने जहर नहीं खाया है।
