गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि के बाद नवगछिया जगतपुर पंचायत के कनकी टोला और छर्रापट्टी में गंगा नदी के बाढ़ का पानी प्रवेश करने लगा है। संध्या समय कनकी टोला के पांच घरों में बाढ़ का घुस गया व छोटी परबत्ता से छर्रा पट्टी जाने वाली सड़क का कटान शुरू हो गया। स्थानीय लोगो ने बताया कि बुधवार की सुबह दस बजे एका एक गांव में बाढ़ का पानी फैलने लगा
देखते ही देखते पंचायत का छर्रापट्टी और कनकी टोला बाढ़ के पानी से पूरी तरह से घिर गया। गंगा के जल स्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसी तरह जलस्तर वृद्धि जारी रही तो पूरा पंचायत बाढ़ के चपेट में आ जायेगा। ग्रामीणों की सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप कुमार यादव ने पंचायत के बाढ़ प्रभावित गांवों का जायजा लेकर पूरी स्थिति से नवगछिया के अंचलाधिकारी को अवगत कराया है।

कहा कि छोटी परबत्ता से छर्रा पट्टी आने वाली सड़क को कटाव से अगर नहीं बचाया गया तो बड़ी आबादी का मुख्य सड़क से संपर्क भंग हो जायेगा। मुखिया प्रतिनिधि ने अंचलाधिकारी से तत्काल बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है। नवगछिया के सीओ विद्यानंद राय ने कहा कि बाढ़ की संभावना को देखते हुए पूरी तैयारी कर ली गयी है। आठ नाव की व्यवस्था की गयी है। मेडिकल टीम और एसडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट किया गया है। वही नदी के जल स्तर में वृद्धि होने के बाद इस्माइलपुर प्रखंड के निचले इलाके में बाढ़ का पानी फैलने लगा है।
नारायणपुर लक्ष्मीपुर धार में गंगा के बाढ़ का पानी उतर गया है तो मधंत टोला के नजदीक बाढ़ का पानी आ गया और प्रखंड मुख्यालय के पास धार में पानी उतर गया है। खेतों में पानी पूरी तरह से फैल गया है जिससे पशु चारे की दिक्कत होने लगी है। इस्माइलपुर के जिला पार्षद विपिन कुमार मंडल ने कहा कि 24 से 48 घंटे में पूरा प्रखंड के जलमग्न हो जाएगा।


