गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने से तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के प्रशासनिक भवन, लालबाग स्थित पांच महिला छात्रावासों व क्वार्टर इलाके में बाढ़ का पानी घुस गया। रविवार को छात्राओं की शिकायत पर कुलपति प्रो. एके राय ने तत्काल सोमवार को होने वाली परीक्षाओं को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया।

शनिवार की देर रात पानी प्रवेश करने की वजह से छात्राओं ने रतजगा की। रविवार सुबह छात्राएं अपनी समस्याएं लेकर डीएसडब्ल्यू प्रो. योगेंद्र और कुलपति प्रो. एके राय से मिलीं। छात्राओं की शिकायत पर कुलपति, प्रतिकुलपति और रजिस्ट्रार ने पीजी महिला छात्रावास का निरीक्षण किया। छात्राओं ने कुलपति को बताया कि सोमवार से पीजी सेमेस्टर वन और सेमेस्टर टू की परीक्षा है। हॉस्टल में पानी प्रवेश करने की वजह से वे नहीं रह सकती हैं।

छात्राओं की परेशानी सुनने के बाद पीजी की परीक्षा को अगले आदेश तक के लिए रद्द कर दिया गया। उधर, टीएमबीयू के स्नातकोत्तर सत्र 2017-19 एवं 2018-20 के क्रमश: सेमेस्टर वन और टू की परीक्षाएं भी अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी गईं। विश्वविद्यालय पीआरओ प्रो. शंभू दत्त झा ने बताया कि कुलपति के आदेशानुसार अगले आदेश तक के लिए परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। उधर, छात्रावास में पानी घुसने के कारण रविवार की सुबह में छात्राओं ने उसे खाली कर दिया।

ट्रिपल आईटी में नौ अक्टूबर से चलेंगी कक्षाएं : बाढ़ की वजह से ट्रिपल आईटी की कक्षाएं आठ अक्टूबर तक के लिए बंद कर दी गई हैं। नौ अक्टूबर से पढ़ाई शुरू होगी। 27 सितंबर को होने वाली मध्य वार्षिक परीक्षा भी रद्द कर दी गई है। यह परीक्षा अब 10 अक्टूबर से ली जाएगी। निदेशक प्रो. अरविंद चौबे ने रविवार को कहा कि परिसर पानी से घिर गया है इसलिए कक्षाएं बंद कर दी गई हैं। छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करेंगे। मेस परिसर में पानी आने की वजह से हॉस्टल में ही छात्रों को खाना पहुंचाया जाएगा।

इंजीनियरिंग कॉलेज में सात दिनों तक क्लास बंद : रविवार सुबह पांच बजे के करीब इंजीनियिरंग कॉलेज परिसर स्थित मेस, हॉस्टल व क्वार्टर में बाढ़ का पानी घुस गया। इसके कारण सुबह से ही छात्रों ने हॉस्टल खाली करना शुरू कर दिया। कई छात्र घर चले गए तो कई ने शहर के लॉज व किराए के मकानों में शरण ली। प्राचार्य डॉ. अचिंत्य ने रविवार को बताया कि कॉलेज परिसर में गंगा का पानी काफी बढ़ गया है। सात दिनों के लिए क्लास सस्पेंड (बंद) कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर से दुर्गापूजा की छुट्टी हो जाएगी। इसके बाद ही कक्षाएं नियमित चलेंगी

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *