अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ मुकेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को दुर्गा पूजा को लेकर अनुमंडल शांति समिति बैठक हुई। बैठक में सभी बीडीओ, सीओ सभी थाना अध्यक्ष एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित हुए। बैठक में एसडीओ ने घटित घटनाओं की जानकारी सभी थानाध्यक्ष से ली और विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया। सदस्यों को बताया कि मुख्य रूप से दुर्गा पूजा तेतरी दुर्गा स्थान, भ्रमरपुर, नवगछिया बाजार, रेलवे स्टेशन पर मनाया जाता है।
नवगछिया बाजार में पूर्व वर्ष में चेन छीनने की घटना हुई थी। थानाध्यक्ष नवगछिया को निर्देश दिया गया कि सभी जगह पुलिस बल के अतिरिक्त महिला बल की भी प्रतिनियुक्त करें। तेतरी, भ्रमरपुर, नवगछिया बाजार में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। नवगछिया बाजार व तेतरी दुर्गा मंदिर के पास में पूजा समिति के सदस्यों द्वारा बेरिकेडिंग कराई जाएगी। एसडीओ ने कहा कि पूजा समिति नको प्रतिमा स्थापित करने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। सभी संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

अगर कहीं किसी प्रकार का कोई सूचना मिलती है तो अविलंब स्थानीय प्रशासन को सूचित किया जाए एवं अनुमंडल स्तर पर कार्यरत 24 घंटे कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 064 21-223103 पर भी सूचित किया जाए। थानाध्यक्ष को यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में डीजे नहीं बजा जाएगा अगर कहीं डीजे बजाया जाता है तो डीजे संचालन के ऊपर एफआईआर दर्ज करते हुए डीजे जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मूर्ति विसर्जन के दौरान पर्याप्त मात्रा में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएगी एवं विसर्जन स्थल पर गोताखोर की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।


