मवेशी के साथ सड़क पार कर रहे पिता-पुत्र को एक अनियंत्रित ट्रक ने धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में पुत्र की मौत हो गई। वहीं पिता भी जख्मी हो गए जबकि एक मवेशी की भी जान चली गई। हादसा एनएच 31 पर चोरहर ढाला के समीप शुक्रवार सुबह 5 बजे की है। जहां नवटोलिया के अमरेश यादव (30) की मौत हो गई, वहीं उसके पिता उमेश यादव की हालत गंभीर है। उमेश का इलाज पीएचसी में चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन के साथ फरार हो गया।

दुर्घटना के बाद परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर दो घंटे तक रोड जाम कर दिया। जाम की सूचना पर झंडापुर ओपी प्रभारी पंकज कुमार पहुंचे और रोड जाम कर लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। कुछ देर बार बीडीओ अकिल अंजुम, मुखिया ललित सिंह, राजद नेता अलख निरंजन पासवान आदि पहुंचे। बीडीओ ने आपदा प्रबंधन के तहत परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया इसके बाद लोग माने और जाम खत्म हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने बताया कि हम एनएच किनारे मवेशी लेकर रहते हैं। सुबह अमरेश पिता उमेश यादव के साथ मवेशियों को चराने लेकर जा रहा था। इसी दौरा एक बेकाबू ट्रक ने दोनों को धक्का मार दिया। इससे मौके पर ही अमरेश और एक भैंस की मौत हो गई।

पुत्र का शव देखते ही बेहोश हुई मां, महिलाओं ने संभाला

दुर्घटना की सूचना पर अमरेश की मां रेखा देवी भी घटनास्थल पर पहुंची और पुत्र का शव देखते ही बेहोश हो गई। महिलाओं ने उसके चेहरे पर पानी का छींटा मार होश में लाया। इसके बाद वह शव से लिपट कर चीत्कार करने लगी। मां रो-रोकर कह रही थी कि इसी साल बेटा की शादी करने वाली थी। भगवान ने मेरी दुनिया उजाड़ दी। वहीं अमरेश के भाई-बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि अमरेश अपने घर में एक मात्र कमाऊ सदस्य था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....