जाह्नवी चौक पर टीओपी खुलने के बाद भी विक्रमशिला पुल पर जाम की समस्या से यात्रियों का निजात नहीं मिल पा रही है। रविवार को दूसरे दिन भी पुल पर भीषण जाम लग गया। इस दौरान भागलपुर से पटना जा रहे गोपालपुर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उफ गोपाल मंडल भी करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। काफी मशक्कत के बाद भी जब उनकी गाड़ी नहीं निकल पाई तो वे एक बाइक से पुल पार करने के बाद 14 नंबर सड़क होकर दूसरे वाहन से पटना के लिए रवाना हुए। विधायक ने कहा कि जाम के मुद्दे को विधानसभा के सत्र में उठाउंगा।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में सीएम नीतीश कुमार से भी बात करूंगा। विधायक विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए पटना जा रहे थे। इस दौरान जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। सवारी वाहनों के साथ आवश्यक सेवाओं की वाहनें में जाम में फंसी हुई थी। टीओपी पर तैनात होमगार्ड के जवान और परबत्ता थाने की पुलिस जाम को हटाने के लिए असफल कोशिश करती रही। काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक को वन-वे कराया गया। लेकिन देर शाम तक पुल पर वाहन रेंगते रहे।

जाम में फंसे यात्रियों ने कहा कि टीओपी खुलने के बाद भी जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। पुलिस और प्रशासन इसे लेकर गंभीर नहीं है। अगर यही स्थिति रही तो हम चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं जाहन्वी चौक टीओपी प्रभारी जयनाथ राय ने कहा कि पुल पर वाहनों के दबाव बढ़ने और चालकों द्वारा ओवरटेक करने के कारण जाम लग रहा है।

टीओपी के उद्घा‌टन के बाद ही हटा लिए गए जिला पुलिस के जवान

विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर जाम की समस्या के समाधान को लेकर जाह्नवी चौक पर टीओपी की स्थापना की गई है। लेकिन उद्‌घाटन के बाद ही पुल पर तैनात किए गए जिला बल के जवानों को प्रशासन ने वहां से हटा लिया है। टीओपी में पुलिस बल की कमी है। पुल पर जाम को नियंत्रित करने में तीन पुलिस पदाधिकारी व 15 होमगार्ड जवान विफल साबित हो रही है। आए दिन पुल पर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है और लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। मालूम हो कि 18 नवंबर को एसएसपी आशीष भारती ने जाह्नवी चौक पर टीओपी का उदघाटन किया था। टीओपी प्रभारी जयनाथ राय ने कहा कि टीओपी को दिए गए अतिरिक्त पुलिस बलों की ड्यूटी झारखंड में होने वाले चुनाव में लगा दी गई है। होमगार्ड जवानों को वाहन चालक नजर अंदाज कर देते हैं। वहीं टीओपी में प्रभारी के अलावा जिस पुलिस पदाधिकारी को पदस्थापित किया गया है। वे दो-तीन माह में रिटायर होने वाले हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *