रंगरा चौक प्रखंड प्रमुख पद पर संजीव कुमार यादव उर्फ मोती यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए। गुरुवार को नवगछिया अनुमंडल सभागार में निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ मुकेश कुमार की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई।

चुनाव में 12 पंचायत समिति सदस्य में नौ शामिल हुए। जबकि साधोपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सह पूर्व प्रमुख शीला देवी, भवानीपुर पंचायत समिति सदस्य गुड़िया देवी और सहोरा पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी अनुपस्थित रहीं। संजीव कुमार यादव उर्फ मोती यादव ने नामांकन दाखिल किया। उनके विरोध में और किसी ने नामांकन नहीं किया। इसके बाद एसडीओ ने उन्हें निर्विरोध प्रमुख घोषित हुए प्रमाण पत्र सौंपा। प्रस्तावक राजेंद्र मंडल व समर्थक प्रवीण कुमार पंकज थे। मौके पर आब्जर्वर सह डीडीसी सुनील कुमार भी मौजूद थे। प्रमुख चुनाव को लेकर नवगछिया अनुमंडल कार्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पांच स्थानों पर दस दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। चुनाव के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई।

जनता के हक लिए काम करना प्राथमिकता : मोती यादव

नवनिर्वाचित प्रमुख संजीव कुमार यादव उर्फ मोती यादव ने कहा कि संघर्ष के बाद ढाई साल बाद मुझे प्रमुख का पद मिला है। रंगरा में विकास के लिए मेरी सोच बड़ी है। मुझे निर्विरोध चुना गया इसका श्रेय सहयोगी समिति सदस्य व आम जनता का स्नेह है। प्रखंड में सड़क, बिजली जैसी मूलभूत समस्या है। इसके लिए प्रयास करेंगे। ढाई सालों से रंगरा का विकास ठप है। इसके अलावा प्रखंड मुख्यालय में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अफसरों के साथ बैठक कर समाधान करने का प्रयास करेंगे। आम जनता के हक के लिए काम करना हमारी प्राथमिकता होगी।

अक्टूबर में निवर्तमान प्रमुख शीला देवी के खिलाफ आया था अविश्वास प्रस्ताव

पूर्व प्रमुख शीला देवी के विरुद्ध अक्टूबर में पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। इसके बाद 25 अक्टूबर को डीसीएलआर परमानंद साह की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। उस समय भी नौ मोती यादव के समर्थन में सहमति प्रदान की थी। जिसके वाद शीला देवी को प्रमुख पद से पदच्युत कर चुनाव की घोषणा की गई थी। उस बैठक में भी पूर्व प्रमुख शीला देवी, भवानीपुर पंचायत समिति सदस्य गुड़िया देवी और सहोरा पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी शामिल नहीं हुई थी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *