नारायणपुर। भागलपुर-खगड़िया मुख्य मार्ग एनएच-31 पर सोमवार सुबह करीब 7 बजे सतीश नगर गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक बाबा ब्रजलेश्वर नाथ धाम, मड़वा से पूजा कर लौट रहे थे। इसी दौरान खगड़िया की ओर से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया। घायलों की पहचान मरैया निवासी मनीष कुमार (19), पिता मदन शर्मा, रूपेश कुमार (17), पिता विजय शर्मा और चंदन कुमार (18), पिता टुनटुन साह के रूप में हुई है।

अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। मनीष कुमार की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। हालांकि, परिजनों ने उन्हें मायागंज ले जाने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि मायागंज अस्पताल में घायलों की मौत हो जाती है। इसके बाद वे निजी वाहन से मनीष कुमार को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक ले गए।

पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *