नवगछिया – रंगरा प्रखंड में रविवार को 4 पैक्सों के विभिन्न पदों के लिए हुए चुनाव के बाद सोमवार को रंगरा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित शिल्प भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कार्य कराया गया. मतगणना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बलों को लगाया गया था. मतगणना कार्य सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक चली. मतगणना कार्य संपन्न होने के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शिल्पी कुमारी बैद्द ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा. निर्वाची पदाधिकारी शिल्पी कुमारी वैद्य से मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के कौशिकीपुर सहौरा, भवानीपुर, बनिया वैसी एवं तिनटंगा दियारा उत्तर पैक्स के लिए चुनाव कराया गया था
–दो वर्तमान पैक्स अध्यक्षों ने अपने कुर्सी को बरकरार रखने में हुए कामयाब, दो युवा नए चेहरों ने मारी बाजी
तिनटंगा दियारा उत्तर पैक्स के निवर्तमान अध्यक्ष ललन जयसवाल ने अपनी कुर्सी को बरकरार रखते हुए 480 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी योगेंद्र दास को बड़े अंतर से 167 मतों से पराजित कर दिया. ललन जायसवाल को 480 मत, योगेंद्र दास को 313, मनोज कुमार को 52 मत प्राप्त हुए. जबकि 35 मत पत्र रद्द पाए गए. वहीं दूसरी ओर कौशिकीपुर सहौरा पैक्स के अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने अपनी सीट को बरकरार रखने में कामयाब रहे.

उन्होंने रोचक मुकाबले में कड़ी टक्कर के बीच 230 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पुलकित यादव को 9 मतों से पराजित कर दिया. मिली जानकारी अनुसार शैलेंद्र कुमार सिंह को 230 मत जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी पुलकित यादव को 222 मत प्राप्त हुए और ग्यारह मत रद्द पाए गए. भवानीपुर पैक्स के मतगणना के घोषित किए गए परिणाम के मुताबिक यहां नए युवा चेहरों ने बाजी मारी है. मुकेश कुमार यादव ने 451 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी केदार यादव को 60 मतों से पराजित कर दिया.
मुकेश कुमार यादव को 451 मत जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी केदार यादव को 390 मत प्राप्त हुए. 29 मत रद्द पाए गए. बनिया वैसी पैक्स में भी नया चेहरा विकी कुमार ने बाजी मारी है. उन्होंने 285 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी संतोष कुमार को 72 मतों से पराजित कर दिया. यहां विक्की कुमार को 285 मत जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी को 213 मत प्राप्त हुए.

19 मत रद्द पाए गए. वहीं दूसरी ओर साधोपुर पैक्स के लिए एकमात्र प्रत्याशी सरिता देवी के द्वारा नामांकन कराए जाने के बाद अध्यक्ष पद के लिए उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया. बताते चलें कि मदरौनी पैक्स के लिए होने वाले चुनाव में कोरम पूरा नहीं होने के कारण वहां का चुनाव स्थगित कर दिया गया. जीत के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शिल्पी कुमारी वैद्य ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा.


