बिहार होमगार्ड और अग्निशमन विभाग के डीजी आरके मिश्रा रविवार को नवगछिया पहुंचे। उन्हाेंने होमगार्ड और अग्निशमन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अग्निशमन कार्यालय में पौधरोपण भी किया। मौके पर नवगछिया एसपी निधि रानी, प्रशिक्षु जिला समादेष्टा तृप्ति सिंह मौजूद थीं। निरीक्षण पूर्व उन्हें होमगार्ड के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दी। इसके बाद उन्होंने कार्यालय के दस्तावेजों का अवलोकन किया। फिर अग्निशमन कार्यालय पहुंचे और होमगार्ड सभा को संबोधित किया। होमगार्ड सभा में उन्होंने होमगार्ड जवानों की समस्याओं को सुना और समाधान के दिशा में उन्हें जानकारी दी।

डीजी ने होमगार्ड जवानों को ईमानदारी पूर्वक ड्यूटी करने, चुस्त-दुरुस्त वर्दी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा डियूटी के लिए जो राशि आपको निर्धारित की है। वही राशि आपकी है। अतिरिक्त लालच ना करें और ना ही किसी को करने दे। ईमानदारी पूर्वक ड्यूटी कर मिसाल पेश करें। यह हम लोगों के लिए गर्व की बात होगी। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने अपने स्तर से व्यापक पहल किए हैं।

समस्याओं का अवलोकन करने के बाद होमगार्ड के जवानों का नियमित भुगतान हो, होमगार्ड जवानों को ड्यूटी मिले, लंबित भुगतान का भी अविलंब भुगतान हो, जिला ट्रांसफर की समस्या, डेट ऑफ बर्थ में गड़बड़ी की समस्या, अनुकंपा समय से नहीं मिलने की समस्या को लेकर भ्रांतियों को दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार के निर्देश व संकल्प का को पूरा करने में होमगार्ड के कमांडेंट ऑफिस के पदाधिकारी की जो विवशता थी, उसे कम किया गया है।

रिटायर्ड जवानों का भुगतान जल्द कराने के दिए निर्देश

डीजी ने कहा कि कंपनी कमांडेंट, प्लाटून कमांडर का पद रिक्त होने के कारण इस दिशा में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। प्रखंडवार कंपनी बनाकर होमगार्ड जवानों की समस्या का निदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड के जवान जिसकी ड्यूटी दो दिन की है उसे एक दिन आने व एक दिन घर जाने के समय को भी डियूटी मानी जाएगी। इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त होमगार्ड जवानों की बकाया राशि का अविलंब भुगतान करने का भी निर्देश दिया। मौके पर नवगछिया गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय के समादेष्टा त्रिलोकीनाथ झा, अग्निशमन के शंभू सिंह, होमगार्ड के अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *