नवगछिया मानव श्रृंखला की सफलता के लिए शुक्रवार को नवगछिया अनुमंडल कार्यालय परिसर से मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व एसडीओ मुकेश कुमार ने किया। रैली में जदयू कार्यकर्ता, संस्था के सदस्यों ने भी भाग लिया। रैली नवगछिया थाना चौक, अस्पताल रोड, गोशाला रोड, महराज जी चौक, वैशाली रोड, स्टेशन रोड, एसपी कार्यालय, जीरोमाइल, तेतरी दुर्गा मंदिर, गोसाईगांव मकंदपुर चौक होते हुए अनुमंडल परिसर पहुंची। इस दौरान लोगों से मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील की गई। रैली में बाजार के सेकडो लोग शामिल हुए।
Total Downloads: 172
वहीं नारायणपुर प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर से शिक्षकों ने मोटरसाइकिल रैली निकाली। रैली का नेतृत्व बीडीओ अजय प्रकाश राय ने किया। साथ में प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश सिंह, सीओ रामजपि पासवान बीआरपी मिथिलेश कुमार, केआरपी अमरेन्द्र झा सहित सभी विभागों के अधिकारी थे। शिक्षकों ने विद्यालय से निकलकर भवानीपुर, चकरामी, नारायणपुर, नागरपारा, बीरबन्ना, भ्रमरपुर, मनोहरपुर, कुसाहा, भोजुटोल, आशाटोल, रायपुर, मधुरापुर, नवटोलिया, मौजमा आदि गांवों का भ्रमण किया।

नवगछिया अनुमंडल में 19 जनवरी को 95.5 किलोमीटर में मुख्य पथ एवं उप पथ पर मानव श्रृंखला बनेगी। खगड़िया जिले के सीमावर्ती क्षेत्र सतीशनगर से लेकर कटिहार जिले के सीमावर्ती कुर्सेला तक यह श्रृंखला बनेगी। नारायणपुर प्रखंड में सतीशनगर से इंदिरा मंच तक 13.5 किमी, बिहपुर प्रखंड में इंदिरा मंच से बगड़ी पुल तक 10 किमी, उप पथ नारायणपुर प्रखंड कार्यालय से एनएच-31 तक तीन किमी, खरीक प्रखंड में बगड़ी पुल से लेकर चकमैदा ढाला तक सात किमी, उप पथ पर खरीक बाजार से एनएच-31 तक दो किमी, निर्जन स्थल चकमैदा ढ़ाला से लेकर अंभो तक एक किमी, नवगछिया में मकंदपुर चौक से लेकर खलीफा चौक तक 17 किमी, निर्जन स्थल विजय घाट पुल से लेकर तेतरी तक 5.5 किमी, गोपालपुर मकंदपुर चौक से गोपी ढ़ाबा तक एक किमी तथा उप पथ पर तिनटंगा करारी से लेकर एनएच-31 तक 14 किमी, रंगरा चौक से लेकर कुर्सेला तक 13 किमी, उप पथ पर प्रखंड कार्यालय से लेकर तिनटंगा करारी घाट तक एक किमी, इस्माइलपुर में विक्रमशिला सेतु तक तीन किमी में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी।

गोपालपुर बीडीओ प्रियंका ने बताया कि गोपालपुर प्रखंड में तीन हजार लोग मानव श्रृंखला में शामिल होंगे। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, समाज के प्रबुद्ध लोगों से सम्पर्क किया गया है। प्रत्येक दो किलोमीटर पर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां पर पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की सुविधाएं रहेंगी। तीन एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। प्रखंड की सीमा पर तोरण द्वार बनाया जाएगा। वहीं तिनंटगा करारी के ग्रामीणों ने बैठक कर मानव श्रृंखला में सहयोग करने का निर्णय लिया।

