नवगछिया में गंगा में नहाने गई दो बहनों की डूबने से मौत हो गई वहीं एक तीसरी लड़की हादसे में बाल-बाल बच गई। हादसा रंगरा प्रखंड के तिनटंगा की बिचली धार (मरगंग) में स्नान करने के दौरान हुआ। हादसे में मारी गई दोनों लड़कियां रिश्ते में ममेरी और फुफेरी बहन थीं। गोताखोरों ने दोनों शवों को निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लोगों ने बताया कि गंगा धार में तीन लड़कियां स्नान करने गयी थीं। इसी दौरान कपिलदेव पासवान की 19 वर्षीया पुत्री कुंदन कुमारी और मल्ल कुमार की 14 वर्षीया पुत्री लक्ष्मी कुमारी की डूबने लगी। वहीं तीसरी लड़की गोमती कुमारी बाल-बाल बच गयी और किसी तरह मरगंग से निकलकर गांव पहुंची और लोगों को घटना की जानकारी दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग घाट पर उमड़ पड़े और लड़कियों को खोजने लगे। पूर्व मुखीया रणजीत पासवान, ग्रामीण राजकुमार रजक सहित अन्य ग्रामीणों ने नदी में डूबी लड़कियों को खोजने का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर गोताखोरों को बुलाकर काफी ढूंढने के बाद दोनों शवों को निकाला गया।


उधर घटना की सूचना पर रंगरा सीओ और रंगरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया भेज दिया। परिजन हीरो कुमार ने बताया कि घर पर हो रही नवरात्र पूजा को लेकर तीनों सहेली बिचली मरगंग में स्नान करने गयी थी। घर में किसी को बताकर नहीं गयी थी। साथ नहाने गयी गोमती ने घटना की जानकारी दी।

