भागलपुर : कोरोना से जिले के पांच मरीजों ने फिर जंग जीत ली है। गुरुवार को उन्हें जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसमें नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल के दो स्वास्थ्य कर्मचारी के अलावा नाथनगर के दो और सुल्तानगंज के एक लोग शामिल हैं। इन लोगो को 13 मई को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था।
नोडेल पदाधिकारी डॉ. हेम शंकर शर्मा ने बताया कि जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। अभी आइसोलेशन वार्ड में 39 संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, अस्पताल प्रबंधक सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को 69 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसमें से तीन को भर्ती किया गया है।

शीघ्र मिलेंगे दो हजार किट
जेएलएनएमसीएच को विभाग की ओर से शीघ्र ही दो हजार जांच किट उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी मंडल ने कहा कि प्रतिदिन 30 से 35 मरीजों की जांच की जा रही है। किट की कमी के कारण अभी बांका और कटिहार के मरीजों की जांच नहीं की जा रही है।


