भागलपुर में विभिन्न प्रखंड क्वारेंटाइन सेंटरों में रह रहे 10 लोगों की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। सभी मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री है। संक्रमित हुए लोगों में चार महिला और एक पांच साल की बच्ची भी है। नाथनगर में भी चार की पुष्टि हुई है। दो कहलगांव और पीरपैंती, नारायणपुर व सुल्तानगंज एक-एक मरीज मिले हैं। गोराडीह में पांच साल की बच्ची की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सभी क्वारेंटाइन सेंटर में थे। इस तरह जिले में पॉजिटिवों की संख्या अब 236 हो गई है। सुल्तानगंज प्रखंड की एक 20 साल की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह कुमारपुर गांव की रहने वाली है। रेफरल अस्पताल के हेल्थ मैनेजर चंदन कुमार ने बताया कि महिला अपने पति, नौ माह के बच्चे और भांजे के साथ 27 मई को सूरत से ट्रेन से आई थी।
मायागंज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 11 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली। इनमें मजिस्ट्रेट ड्यूटी के दौरान संक्रमित नूरपुर पंचायत के करेला गांव के शिक्षक संजय कुमार भी स्वस्थ हुए। सभी स्वस्थ लोगों को डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया। उन्हें 14 दिनों तक होम क्वारेंटाइन में रहने की नसीहत दी है। स्वस्थ होने बाद सभी ने डॉक्टरों काे धन्यवाद दिया। वे बोले-पूरी उम्र आप लोगों का ऋणी रहूंगा। इसी के साथ अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या 121 हो गई।

इन्हें किया गया डिस्चार्ज : खरीक के लाेकमानपुर निवासी मो. कादिर, सबौर के रामनगर निवासी अनुरंजन कुमार, बैजलपुर निवासी दिलीप मंडल, जगदीशपुर के मो. आशिफ, नाथनगर कजरैली के संजय कुमार, सुल्तानगंज के हलकराचक निवासी संटू यादव, प्रमोद कुमार, विनय राय व रूपेश कुमार और शाहकुंड के सुल्तानपुर निवासी अनुज कुमार और दामोदरपुर निवासी अवधेश कुमार।
केयर सेंटर में मरीज की तबियत बिगड़ी, रेफर
भागलपुर | घंटाघर स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती एक मरीज की शनिवार देर शाम तबीयत बिगड़ गई। मरीज की हालत गंभीर देख वहां के डॉक्टरों ने सिविल सर्जन के निर्देश पर मरीज को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है। 40 वर्षीय मरीज नवगछिया का रहनेवाला है। उसे तेज बुखार व खांसी की शिकायत के अलावा दम फूल रहा था।
नाथनगर के संक्रमित 25 मई को दिल्ली से ट्रेन से आए थे : नाथनगर इलाके के चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट शनिवार को पोजिटिव आई है। सभी प्रवासी हैं और दिल्ली से आये हैं। इसमें गौराचौकी के दो युवक और एक महिला मधुसुदनपुर थानाक्षेत्र के महमदपुर की रहनेवाली है। महमदपुर की महिला के पति बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कहलगांव के दो महिला और पीरपैंती का एक युवक भी संक्रमित : कहलगांव अनुमंडल के तीन लोगों की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। इनमें कहलगांव प्रखंड की दो महिलाएं और पीरपैंती प्रखंड का एक युवक शामिल है। अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. विवेकानंद दास ने बताया कि पकड़तल्ला गांव की 22 साल की महिला दिल्ली से आई थी।


