भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा से पुलिस ने गुप्त सूचना पर शनिवार की अहले सुबह लगभग चार बजे घर की तलाशी के दौरान गोपाल सिंह व सिंटू सिंह को दो कट्टा और 36 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गोपाल सिंह के घर में अवैध हथियार है।
इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और छापेमारी के दौरान दोनों को दबोच लिया। घर की तलाशी लेने पर दो कट्टा और 36 कारतूस मिले। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। थानेदार ने कहा कि दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उनके आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।

पुलिस यह भी पता कर रही है कि किस उद्देश्य से हथियार और गोली घर में रखे थे। हालांकि अभी तक की जांच में उनके खिलाफ कोई मामला नहीं मिला है। वहीं ग्रामीणों की मानें तो किसी वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार जुटाया गया था। बताया जाता है कि गांव के ही किसी व्यक्ति से पिता-पुत्र का विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव था। हालांकि पुलिस की तत्परता से दोनों के मंसूबे पर पानी फिर गया।


