भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित मायागंज में सोमवार की शाम साउंड बॉक्स बजाने को लेकर 2 पक्षों में बवाल हुआ था। इसके बाद रात 9 बजे बरारी थाने की पुलिस दलबल के साथ पहुंची और रास्ते से गुजरने वाले कई लोगों को पीटा। आरोप है कि पुलिसकर्मी करीब 25 घरों में जबरन घुसे और मारपीट की। करीब 11 बजे तक पुलिस लोगों को पिटती रही। इसी क्रम में पुलिस ने लघु सिंचाई विभाग के क्लर्क संजय कुमार (45) को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। हालत गंभीर होने पर पुलिस ने उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मंगलवार सुबह से आक्रोशित लोग शव को लेकर बरारी थाना पहुंचे और जमकर बवाल किया।

हंगामा देख थानेदार समेत सभी पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए। लोग थानेदार समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिना किसी कारण के पुलिस ने लोगों को बेरहमी से पीटा है। मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर SSP बरारी थाना पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। SSP ने लोगों को दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। SSP नताशा गुड़िया ने बताया कि विवाद शांत करवाने पुलिस गई थी। पुलिस क्लर्क संजय कुमार को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद अस्तपाल में भर्ती करवाया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद भागलपुर SSP बरारी थाने पहुंचीं।
घटना के बाद भागलपुर SSP बरारी थाने पहुंचीं।

मृतक की बड़ी बेटी मोनिका कुमारी ने बताया कि पापा सोमवार रात 9 बजे होली मना कर घर लौट रहे थे, तभी बरारी थाने की पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने उनकी जमकर पिटाई की और गले में पड़े गमछे को पकड़ कर उन्हें घसीटते हुए थाने लेकर गई। इसी दौरान उनकी हालत गंभीर हो गई। मायागंज अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि उनकी मौत के बाद पुलिस लाश को छोड़कर फरार हो गई।

पुलिस की पिटाई के बाद अपने पीठ पर चोट के निशान दिखाता सौरव उर्फ बुचो।
पुलिस की पिटाई के बाद अपने पीठ पर चोट के निशान दिखाता सौरव उर्फ बुचो।

क्या था मामला
होली की शाम करीब 5 बजे मायागंज में एक पक्ष के लोग साउंड बॉक्स बजाकर डांस कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग उधर से गुजर रहे थे। साउंड बॉक्स का तार जमीन पर गिरा था। दूसरे पक्ष के एक युवक का पैर लगने के कारण तार टूट गया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कुछ देर के बाद दूसरे पक्ष के लोग तलवार चाकू सहित अन्य हथियारों के साथ आए और पहले पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। इसमें आधे दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर SP और SDM सहित कई पुलिस पदाधिकारी पहुंचे और मामले को किसी तरह शांत कराया। इसके बाद 9 बजे बरारी थाने की पुलिस सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों के साथ मारपीट करने लगे। लोगों का आरोप है कि पुलिस सड़क पर आने जाने वाले लोगों को बेरहमी से पीटने लगी। इसके बाद घर घुसकर भी लोगों को पीटा। इसी में क्लर्क संजय कुमार की मौत हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *