पुरानी रंजिश में अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। वारदात गुरुवार शाम कीरब 5 बजे खरीक थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव की है। जहां बाइक से आए तीन अपराधियों ने सड़क किनारे बैठे बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी सुभाष ईश्वर के पुत्र गुंजन ईश्वर (40) को दो गोलियां मारी। एक गोली उसके सीने और दूसरी कंधे में लगी है। गोली लगने के बाद युवक वहीं गिर गया और हमलावर उसे मृत समझकर हथियार लहराते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही खरीक थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए खरीक पीएचसी लाया।

जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देख मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि मायागंज से भी उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। युवक के सीने में गोली फंसी हुई है। घायल युवक का ननिहाल नरकटिया गांव में है। वह पांच दिन पहले यहां आया था। शाम में वह सड़क किनारे बैठा था। इसी दौरान बाइक से आए बदमाशों ने उस पर गोलियां बरसा दीं।

थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम देने का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी मामले की जांच कर रही है। अब तक परिजनों ने पुलिस को आवेदन नहीं दिया है। फिर भी पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *