मवेशी का चारा लेकर घर लौट रहे युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना लोदीपुर गंगा घाट के समीप गुरुवार की है।
घटना की जानकारी पर पूर्व जिला पार्षद विजय कुमार मंडल, समाजसेवी दीपक कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही सीओ निशांत कुमार, थानाध्यक्ष पंकज कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे।

इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत कर करीब दो घंटे बाद शव को नदी से निकाला। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के झांव निवासी बुचो साह के 24 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार संगम उर्फ बीरबल के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है।

युवक के परिजनों ने बताया कि वह अपनी मां शीला देवी के साथ दियारा से चारा लेकर घर आ रहा था। नदी पार करने के बाद वह नहाने लगा। नहाने के क्रम में पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। युवक को एक साल की बेटी है। उसकी मौत के बाद मां शीला देवी, गर्भवती पत्नी नीतू देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मां रो-रोकर कह रही थी कि चाहकर भी अपने कलेजे के टुकड़े को बचा नहीं पाई। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *