कोरोना वैश्विक महामारी के शिकार हुए लोगों के बेसहारा हुए 9 बच्चों को बिहपुर विधायक ईं. कुमार शैलेंद्र ने गोद लिया है। इन बेसहारा बच्चों को भरण-पोषण के लिए तीन वर्षों तक विधायक अपने निजी कोष से 500 रुपये प्रतिमाह देंगे। राशि का भुगतान विधायक ईं. शैलेंद्र के निजी बैंक खाते से होगा। इसको लेकर विधायक ने अपने स्टेट बैंक खाते का जिक्र करते हुए बैंक शाखा प्रबंधक को पत्र के माध्यम से सभी 9 बच्चों के बैंक अकाउंट में राशि भुगतान किए जाने की सहमति प्रदान की है।
Total Downloads: 105
सभी बच्चों को अगस्त से राशि का भुगतान किया जाएगा। गोद लिए गए बच्चों में भागलपुर मायागंज की सरिता कुमारी के तीन बच्चे राघव रंजन, निभा सिंह, सोनाली सिंह, दरियापुर भागलपुर के अमन के दो बच्चे खुशबू और रुखसार, नाथनगर के आरती देवी के दो बच्चे किशन कुमार व कोमल कुमारी, भागलपुर के निधि जैन के दो बच्चे रक्षित कुमार और माही जैन शामिल हैं।

विधायक ने कहा कि भागलपुर के 15 वैसे बच्चे जो कोरोना काल में बेसहारा हो गए हैं उन्हें गोद लेने का लक्ष्य है। नौ बच्चों का चयन कर लिया गया है। छह बच्चों की खोज की जा रही है। उन्होंने कहा कि दधीचि देहदान समिति के माध्यम से बच्चों के खाते में राशि का भुगतान होगा।

