नवगछिया। इस्माईलपुर-बिंद टोली में गंगा नदी शुक्रवार की शाम को उच्चत्तम जलस्तर 33.45 मीटर से मात्र 42 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। गोपालपुर प्रखंड के तीनटंगा करारी, गोपालपुर डिमाहा, सैदपुर, सुकटिया बाजार व डुमरिया चपरघट पंचायतों की बड़ी आबादी बाढ़ से पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। सुकटिया बाजार सहित दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग हो जाने के कारण रंगरा होकर आना-जाना पड़ रहा है।
Total Downloads: 101
विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर ततकाल बाढ़ पीडितों के बीच सूखा राशन वितरण करने की मांग की है। भागलपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद सिंह निषाद ने कहा कि ब्रह्मोत्तर धार में यदि समय पर तटबंध का निर्माण करवाया गया होता तो बाढ़ से सैदपुर सहित बड़ी आबादी आज प्रभावित नहीं होती। नेताओं ने कहा कि ब्रह्मोत्तर धार में तटबंध निर्माण हेतु धरना प्रदर्शन आयोजित किया जायेगा।

गंगा व कोसी नदी का पानी प्रवेश करने के कारण गोपालपुर प्रखंड, अंचल व कृषि कार्यालय सहित प्रखंडस्तरीय कार्यालयों व आरटीपीएस कार्यालयों का काम पूरी तरह से शुक्रवार को ठप रहा। बीडीओ वीणा कुमारी चौधरी ने बताया कि वरीय अधिकारियों से अनुमति लेकर किसी सरकारी विद्यालय में कैंप कार्यालय के रूप में प्रखंडस्तरीय कार्यालय चलाने की व्यवस्था की जायेगी। बीडीओ व सीओ ने सड़क पर आमलोगों से बाढ़ से उत्पन्न समस्या की जानकारी ली।

