नवगछिया में गंगा नदी के बाद अब कोसी नदी में आई बाढ़ ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। मंगलवार अहले सुबह कोसी किनारे स्थित पुनामा प्रतापनगर और उजानी के बीच स्थित रिंग बांध टूट जाने के बाद उजानी और पुनामा प्रतापनगर में कई घरों में पानी घुस आया है। उजानी के वार्ड 7 और वार्ड 8 के अलावा पुनामा प्रतापनगर में सभी घर जलमग्न हो गए हैं।
Total Downloads: 98
गांव में पानी घुसने की सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमसागर, वार्ड पार्षद मुन्ना भगत, पार्षद मो. सलाउद्दीन पहुंचे। प्रेमसागर ने अपनी जेसीबी मशीन से जगह-जगह मिट्टी देकर पानी को रोकने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पानी तेजी से राजेन्द्र कॉलोनी होकर बाजार की ओर बढ़ रहा है।

कोसी के बाढ़ के दबाव से जहांगीरपुर बैसी बनिया स्थित बुढ़िया बांध के टूट जाने से अफरातफरी मच गई है। बांध टूटने के बाद ग्रामीण उसे बचाने के लिए जी जान से लगे हुए हैं। बांध के टूटने से कोसी का पानी तेजी से बाजार समिति होकर बाजार के मुमताज मोहल्ला, मुसहरी, प्रोफेसर कालोनी की ओर आ रहा है। बाजार के लोग बाढ़ आने की कल्पना से डरे सहमे हैं। बाजार पर बाढ़ के खतरे को देखते हुए अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रेमसागर ने एसडीओ से मिलकर पानी के बहाव को रोकने के लिए बालू भरी बोरी दिए जाने की मांग की है।

