नगरह के भवानीपुर घुसकी टोला में दो महीने से जलजमाव, 150 परिवारों की जिंदगी हुई दुश्वार

नवगछिया। नगरह पंचायत के भवानीपुर घुसकी टोला वार्ड नंबर 8 में करीब 150 परिवार पिछले दो महीने से जलजमाव की समस्या से परेशान हैं। गांव की करीब 500 मीटर लंबी कच्ची सड़क पर लगभग दो फीट तक पानी जमा है। सड़क पर पानी और कीचड़ के कारण ग्रामीणों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। रोजमर्रा के काम के लिए भी लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के पानी के साथ आसपास के नाले का पानी भी सड़क पर जमा हो जाता है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लगातार पानी जमा रहने से सड़क पर कीचड़ फैल गया है और कई जगह जंगल-झाड़ भी उग आए हैं।

बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी

जलजमाव के कारण सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी में पैर फिसलने के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। वहीं, किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन जाता है।

बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर पानी बढ़ने के साथ कीचड़ भी बढ़ जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

ग्रामीण शिव शंकर मंडल, ललितांत यादव, बबलू हरिजन, दिगंबर यादव, जोगी यादव, बैकुंठ यादव, शिवनारायण यादव, कोको यादव, सुनीता देवी, नंदिनी देवी, दुलारी देवी और सीमा देवी ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। पंचायत स्तर पर कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क का निर्माण जल्द कराया जाए और फिलहाल तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को जलजमाव से राहत मिल सके।

15 साल से पंचायत की जिम्मेदारी, फिर भी सड़क का इंतजार

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने वर्तमान मुखिया भारत पासवान को लगातार तीन बार पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी है। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 15 वर्षों से पंचायत की जिम्मेदारी होने के बावजूद इस सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

तीन हिस्सों में होगा सड़क का निर्माण: मुखिया

इस संबंध में मुखिया भारत पासवान ने बताया कि सड़क की लंबाई अधिक है। इसलिए इसे तीन हिस्सों में शामिल कर निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगली बार आवंटन मिलने के बाद सड़क निर्माण का काम कराया जाएगा।

फिलहाल ग्रामीणों को सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था का इंतजार है। लोगों का कहना है कि स्थायी सड़क बनने तक कम से कम पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि करीब 150 परिवारों को रोज की परेशानी से राहत मिल सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

deneme bonusu