भागलपुर। उपमुख्यमंत्री ताराकिशोर प्रसाद पर जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर से अपने बरारी स्थित आवास पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। विधायक ने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में आए और मेरे विरोधियों के साथ बैठक कर चले गए। पहले भी वे ऐसा कर चुके हैं। मैंने विधानसभा में उप मुख्यमंत्री से कहा कि आप मेरे क्षेत्र में आए। मुझे नहीं बुलाया।
Total Downloads: 93
जनता के बीच इससे गलत संदेश जाता है। बाद में फिर आए, तो मेरे खिलाफ चुनाव लडऩे वाले और चुनाव में मेरा विरोध करने वालों के साथ बैठक की। विरोधियों के साथ भोजन किया। इस कारण मैंने विरोध किया। भागलपुर में भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडेय को हराने वाले लोजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा के घर पर गए। भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय अपना जान बचाने के लिए बयान दे रहे हैं। उन्हें डर है कि जिलाध्यक्ष से हटा दिया जाएगा या टिकट नहीं देगा। इस कारण मेरे विरोध में बयान दे रहे हैं। मैंने कोई गलत बयान नहीं दिया। मैं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मांग करता हूं कि उप मुख्यमंत्री को पद से हटाया जाए।

वहीं, पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विकल्प का मुख्यमंत्री बताए जाने वाले बयान पर विधायक ने जमकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। विधायक ने कहा कि सम्राट चौधरी दलबदलू हैं। राजद में उनका जन्म हुआ। बाद में जदयू में आए, तो एमएलसी बना कर मंत्री बना दिया गया। फिर वे हम में चले गए। अब भाजपा से एमएलसी बन कर मंत्री बन गए।
सम्राट कभी चुनाव लड़े हैं। सम्राट औकात में रह कर बयान दें। विधायक ने कहा कि मैं सिर्फ विधायक नहीं हूं। मैं नेता हूं। बार बार मुझे सस्पेंड कर देते हैं। कहते हैं- बड़े लोगों को मुंह लगाते हैं। यह गलत है। हमलोग एक समान हैं। किसी को जीतने के बाद कोई मंत्रालय काम देखने के लिए दे दिया गया, मुझे नहीं दिया गया। यही अंतर है। मैं समता पार्टी के समय से पार्टी का सच्चा सिपाही हूं।

