नवगछिया। गोपालपुर थाना के डुमरिया से तीनटंगा दियारा जाने वाली सड़क मार्ग पर अवस्थित छोटी पुलिया के समीप रविवार दोपहर बाढ़ के पानी में डूबने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी रामोतार मंडल के 10 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में की गयी है। अमरजीत अपने तीन-चार साथियों के साथ सड़क पर बकरी चराने गया था।
Total Downloads: 93
इसी दौरान वह शौच करने पुल के समीप गया था। शौच करने के क्रम में उसका पैर फिसल गया और नदी के तेज बहाव में बहने लगा। डूबते बालक ने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई। सड़क से गुजर रही कालूचक की एक महिला ने नदी में कूदकर बचाने का काफी प्रयास किया। तब तक वह अथाह पानी में चला गया। इसके बाद महिला ने ग्रामीणों इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से निकाला। तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर गोपालपुर थाने के एएस आई नरेश शर्मा अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लाश को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद मृतक के घरों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। रामोतार मंडल मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। छह माह पूर्व इनके बड़े बेटे की मौत सड़क दुर्घटना में हो गयी थी।

