नवगछिया। रंगरा प्रखंड के ज्ञानी दास टोला तीनटंगा दियारा दक्षिणी पंचायत में पिछले कई दिनों से हो रहा कटाव रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। रोजाना हो रहे कटाव से ग्रामीण अपना-अपना घर, झोपड़ी कटाव स्थल से हटा रहे हैं।
कटाव की सूचना पर जल संसाधन विभाग द्वारा कटाव स्थल पर बांस बल्ली, बालू भरी बोरी देकर कटाव रोकने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन कटाव नहीं रुक रहा है। कटाव को देखते हुए पूरे गांव के लोग भी बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

ग्रामीण राजकुमार रजक ने बताया कि जिस तरह से कटाव हो रहा है लगता है कि पूरा गांव कटकर गंगा नदी में विलीन हो जाएगा। ग्रामीण गनपत मंडल ने बताया कि बचाव के लिए जहां बांस बोरी दिया जाता है वहीं पर तुरंत कट जाता है और गंगा में विलीन हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर कटाव नहीं रुका तो गांव का अस्तित्व खतरे में पड़ जायेगा।


