नवगछिया। इस्माईलपुर-बिंद टोली के बीच स्थित स्पर संख्या छह पर पिछले 36 घंटे से भी अधिक समय से रुक-रुककर भीषण कटाव होने से अफरातफरी की स्थिति बनी रही। नोज से लेकर डाउन स्ट्रीम में 100 मीटर भाग गंगा नदी में कटकर समा गया है। शुक्रवार की दोपहर तक संसाधन के अभाव में जल संसाधन विभाग फ्लड फाइटिंग करने में असहाय बना रहा है। अलबत्ता सुबह से पेड़ों को काटकर कटाव स्थल पर देकर कटाव की वेग को कम करने का प्रयास किया जाता रहा। बालू की कमी के कारण शुक्रवार की दोपहर तक एनसी में बालू भरी बोरियों का काम सीमित करवाया जा रहा था।

हालांकि, देर शाम को स्पर संख्या छह पर पहुंचे मुख्य अभियंता ई राजेन्द्र मेहता ने बताया कि स्पर को बचाने हेतु हरसंभव प्रयास किया जा रहा है, परन्तु पानी की तेज रफ्तार के कारण परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि नाव से बालू भरी बोरियों से एनसी करवाया जा रहा है तथा बांस का बंडल व पेड़ों की टहनियों को डलवाया जा रहा है।

बड़ी संख्या में सैदपुर के ग्रामीण स्पर संख्या छह पर पहुंचकर कटाव से बचाने की गुहार अभियंताओं से कर रहे हैं। स्पर के बोल्डर पीचिंग का अधिकांश भाग गंगा नदी में समा जाने के कारण सैदपुर के ग्रामीणों की धड़कनें तेज हो गई हैं। अनहोनी की आशंका से ग्रामीण डरे व सहमे हुए हैं। पिछले एक दशक से सैदपुरवासियों की सैकड़ों एकड़ जमीन गंगा नदी में समा चुकी है। अब आशियाने के समाने का खौफ ग्रामीणों को सताने लगा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *